दिल्ली-जयपुर हाईवे पर हादसे के बाद सड़क किनारे छोड़ गए कंटेनर, पुलिस ने ली तलाशी...अंदर मिला कुछ ऐसा देख उड़े होश

punjabkesari.in Saturday, Sep 26, 2026 - 02:34 PM (IST)

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सड़क हादसे के बाद मौके पर छोड़ा गया कंटेनर पुलिस के लिए अवैध शराब की बड़ी खेप तक पहुंचने का जरिया बन गया। कसौला पुलिस ने कंटेनर की तलाशी ली तो करीब एक हजार पंखों के पीछे छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की 276 पेटियां बरामद हुईं। 

पुलिस के अनुसार, पेटियों में अलग-अलग ब्रांड की कुल 3,320 शराब की बोतलें मिली हैं। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है। कसौला थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह आशाही पुल के पास दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सड़क किनारे खराब कैंटर को ठीक कर रहे मिस्त्री को पीछे से आए ट्रॉले ने टक्कर मार दी। हादसे में दिल्ली निवासी मिस्त्री मनोज कुमार (55) की मौत हो गई, जबकि कैंटर मालिक ललन प्रसाद (50) गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया। 

हादसे के बाद ट्रॉला चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर चालक की पहचान के लिए केबिन की जांच की। इसी दौरान पुलिस को अंदर शराब की पेटियां दिखाई दीं। इसके बाद कंटेनर की पूरी तलाशी लेने पर करीब एक हजार पंखों के पीछे शराब की 276 पेटियां छिपी मिलीं। पुलिस के अनुसार शराब की पेटियों के संबंध में कोई वैध कागजात नहीं मिले। 

थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि बिल्टी की जांच में कंटेनर के गाजियाबाद से मुंबई जाने की जानकारी सामने आई है। वाहन मालिक से पूछताछ में फरार चालक का नाम रिसाल बताया गया है, जो मेवात का रहने वाला है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सहायता से चालक की तलाश कर रही है। पुलिस ने शराब को जब्त कर एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static