हरियाणा में कड़ाके की ठंड ने दी दस्तक, 17 शहरों में शीतलहर का Alert, इस जिले में रहा सबसे कम तापमान
punjabkesari.in Friday, Dec 13, 2024 - 11:05 AM (IST)

हरियाणा डेस्क : हरियाणा में कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है। राजस्थान के साथ लगते हिसार, नारनौल, भिवानी और सिरसा जिले में पारा जमाव बिंदु की ओर जा रहा है। इन इलाकों में पाला जमना शुरू हो गया है। आने वाले दिनों में भी ठंड से राहत की कोई उम्मीद नहीं दिख रही। मौसम विभाग के अनुसार 15 दिसंबर तक शीतलहर चलेगी। इसके लिए 16 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया हुआ है।
बताया जा रहा है कि 10 जिलों में पारा 5 डिग्री या इससे भी कम रहा। महेंद्रगढ़ में 1.20, हिसार 1.60, रेवाड़ी 2, करनाल 3.60, सोनीपत 3.80, सिरसा 4, रोहतक 4.40, गुरुग्राम 4.80, कुरुक्षेत्र 4.80 और जींद 5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। आज सुबह महेंद्रगढ़ में हल्की धुंध नजर आई। वहीं करनाल, पंचकूला, पानीपत और जींद में सुबह से ठंडी हवाएं चल रही हैं।
17 शहरों में शीतलहर का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 17 शहरों में शीतलहर (कोल्ड वेव) चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। इससे रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है। इन जिलों पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी शामिल हैं।
वहीं कृषि वैज्ञानिकों ने फसलों को ठंड से बचाने के लिए खेतों में सिंचाई करने और बागवानी में भी इसी तरह पेड़ों को पानी देने की किसानों को सलाह दी है। इसके अलावा पशुओं को खुले में ना बांधने और अच्छी खुराक देने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट देखी जा सकती है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)