शर्मनाक ! हरियाणा के जज पर यौन शोषण का आरोप, रसोइये बोला- अंदरूनी अंगों की कराते हैं मालिश
punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 03:33 PM (IST)
गुरुग्राम: महेंद्रगढ़ के एक जज पर उनकी खरखौदा स्थित कोठी में रसोइये का काम करने वाले व्यक्ति ने गंभीर आरोप लगाए हैं। व्यक्ति ने गुरुग्राम के उद्योग विहार थाने में लिखित शिकायत दी है। आरोप है कि जज रसोइये से अपने अंदरूनी अंगों की मालिश कराते थे। रसोइये के मना करने पर जज ने उसे गुरुग्राम बुलाया। उद्योग विहार थाने में गनमैन व अन्य साथियों के साथ उससे मारपीट की। खरखौदा स्थित कोठी में उसे दो दिन तक कमरे में बंधक बनाने का भी आरोप है। फिलहाल, उद्योग विहार थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मूलत: हिमाचल के कांगड़ा जिले के रहने वाले पीड़ित व्यक्ति ने एक मई को उद्योग विहार थाने में शिकायत दी थी। उसने गुरुग्राम पुलिस आयुक्त, चंडीगढ़ हाईकोर्ट, सुप्रीम कोर्ट, हरियाणा सरकार और मानवाधिकार आयोग को भी शिकायत भेजी। उद्योग विहार पुलिस ने नौ मई को उसके लिखित बयान भी दर्ज किए। पीड़ित ने बयान में कहा कि वह करीब नौ सालों से खरखौदा में एक जज की कोठी पर रसोइये का काम कर रहा था।
आरोप है कि जज उससे अपने शरीर की मालिश के साथ अंदरूनी अंगों की भी मालिश का दबाव डालते थे। इस पर उसने काम छोड़ना चाहा। चार अप्रैल को उसने जज से काम से मना किया और कहा कि वह घर जाना चाहता है। जज ने उसे गुरुग्राम में अपने गनमैन से मिलकर बात करने के लिए कहा। व्यक्ति आठ अप्रैल को गुरुग्राम के डूंडाहेड़ा पहुंचा। गनमैन ने एक अन्य साथी को भेजकर उसे पीजी बुलाया।
इसके बाद उसे उसी रात गुरुग्राम पुलिस लाइन ले जाया गया। रात करीब दस बजे जज की गाड़ी आई। सभी लोग उसे उद्योग विहार थाने ले गए। यहां उससे मारपीट की। इसके बाद उसे जबरन गाड़ी में डालकर खरखौदा स्थित कोठी ले गए। पीड़ित ने कहा कि जज ने कोठी में उसे दो दिन तक कमरे में बंद रखा। खाना पीना तक नहीं दिया। किसी तरह वह वहां से निकलकर अपने घर चला गया। उसने गुरुग्राम पुलिस व मानवाधिकार आयोग से न्याय की गुहार लगाई है।