पुलिस से मुठभेड़ करने वाले नशा तस्करों का चौथा आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Oct 14, 2026 - 09:15 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-65 क्राइम के साथ हुई नशा तस्करों की मुठभेड़ मामले में पुलिस ने आरोपियों के चौथे साथी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कबीर पर मुठभेड़ में पकड़े गए तीनों आरोपियों को मादक पदार्थ उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 136 ग्राम एमडीएमए, एक पिस्टल, एक देसी कट्टा और एक खाली खोल बरामद किया था। मुठभेड़ के दौरान आरोपियों की गोली लगने से एक पुलिसकर्मी घायल हुआ था, जबकि जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हुए थे।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के अनुसार, 9 अक्तूबर को सेक्टर-65 क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि हथियारों से लैस तीन युवक लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस ने नंगली उमरपुर से सेक्टर-62 जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी कर जांच शुरू की। रात करीब 11 बजे बाइक पर आए तीन युवकों को रुकने का इशारा किया तो वे भागने लगे और पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। आरोपियों ने छह गोलियां चलाईं, जबकि पुलिस ने आत्मरक्षा में तीन गोलियां चलाईं। इस दौरान एक गोली पुलिस वाहन पर लगी और एक पुलिसकर्मी की बाजू में गोली लगी। जवाबी फायरिंग में मार्फत उर्फ मारू (32) और फूल बाबू शेख (26) के पैरों में गोली लगी। तीसरे आरोपी श्रीकुल शेख (37) को भी मौके से काबू कर लिया गया। तीनों पश्चिम बंगाल के निवासी हैं।
पुलिस ने अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद 11 अक्तूबर को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थ उपलब्ध कराने के आरोप में कबीर निवासी बाली, जिला मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल को भी सेक्टर-62 से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, फूल बाबू शेख के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के मामले में इनाम घोषित था। मार्फत पर चार, फूल बाबू पर दो और श्रीकुल पर एनडीपीएस एक्ट का एक मामला दर्ज है। मार्फत को 19 अक्तूबर तक पुलिस हिरासत रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।