Blast : हांसी में शॉर्ट सर्किट से मकान में हुआ जोरदार धमाका, भरभराकर गिरी 2 कमरों की छतें, बाल-बाल बचा परिवार

punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 12:14 PM (IST)

हांसी (संदीप सैनी) : हांसी क्षेत्र के गांव ढाणी पीरावली में रविवार देर रात मकान में शॉर्ट सर्किट के कारण जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना भीषण था कि मकान के दो कमरों की छतें भरभराकर नीचे गिर गईं। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर में ही मौजूद थे, लेकिन गनीमत रही कि सभी सुरक्षित बाहर निकल आए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 11 बजे की है। मकान मालिक रामलाल अपने परिवार के साथ घर में थे। अचानक शॉर्ट सर्किट के चलते धमाका हुआ और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत परिवार को बाहर निकालने में मदद की। ग्रामीणों ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर के अंदर जाना मुश्किल हो गया था। उन्होंने जोखिम उठाते हुए न केवल परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला, बल्कि घर में रखे गैस सिलेंडरों को भी बाहर निकाल दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था और मकान को भी भारी नुकसान पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि मानो होली दहन हो रहा हो। परिवार ने इस हादसे में करीब चार लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई है। फिलहाल प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)              

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static