4 लाख की लालच में शोरूम संचालक गवां बैठा 50 हजार
punjabkesari.in Wednesday, May 13, 2026 - 10:35 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): रुपयों की लालच करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। मेट्रो स्टेशन पर दो युवकों ने एक मॉल में दुकान चलाने वाले व्यक्ति को अपने झांसे में ले लिया उसे चार लाख रुपए दिखाकर व्यक्ति के पास मौजूद 50 हजार रुपए ठग लिए। रुपए ठगने के बाद आरोपी अपने साथियों को बस में बैठाकर वापस आने की बात कहकर फरार हो गए। पीड़ित को जब अपने साथ ठगी होने का पता लगा तो उसने पुलिस कंट्रोल रूम को दी। मेट्रो थाना पुलिस को पीड़ित ने शिकायत दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस को दी शिकायत में सद्दाम ने बताया कि उनका डीटी मॉल में शोरूम है। आज वह मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पर थे कि दो युवक आए और उनसे मदद मांगने लगे। युवकों ने उसे अपने पास मौजूद 4 लाख रुपए दिखाए और कहा कि यह रुपए उन्हें अपने घर भेजने हैं। ऐसे में उन्होंने सद्दाम को कहा कि वह उनकी मदद कर यह नकदी उनसे ले ले और यह रुपए उनके बताए गए बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दे। काफी मना करने के बाद भी युवक उससे मदद करने की गुहार लगाते रहे।
सद्दाम ने बताया कि आज उन्होंने अपने शोरूम पर एक व्यक्ति को 50 हजार रुपए की पेमेंट करनी थी ऐसे में वह एसबीआई बैंक में यह रुपए निकलवाने के लिए गए थे। इस दौरान भी युवक उनके साथ थे। बैंक खाते से 50 हजार रुपए निकालने के बाद सद्दाम ने यह रुपए अपने बैग में रख लिए और अपने शोरूम जाने लगे। तब भी युवकों ने अपने बैग में 4 लाख रुपए रखकर सद्दाम को दे दिया और कहा कि इसमें से वह कुछ रुपए अपने पास रख ले और बाकी उनके बताए गए बैंक खाते में भेज दे। सद्दाम का कहना है कि वह उनकी मदद को तैयार हो गया और युवकों ने उसका बैग लेकर अपने रुपयों के बैग में रख दिया। इसके बाद युवकों ने उसे बैग देते हुए उसमें से अपने साथियों को बस में बैठाने की बात कही और रास्ते में खर्च के लिए रुपए देने की बात कहते हुए बैग में से करीब 3 हजार रुपए उन्हीं नोटो की गड्डी से निकाल लिए और बैग पर ताला लगा दिया।
दोनों युवक यह कहकर गए कि वह एक साथी को यह 3 हजार रुपए देकर बस में बैठाकर कुछ ही मिनटों में वापस आ रहे हैं। जब काफी देर तक दोनों नहीं लौटे तो सद्दाम ने बैग पर लगे ताले को तोड़कर चेक किया तो उसमें एक रुपए भी नहीं थे। सद्दाम ने आरोप लगाया कि युवकों ने उन्हें झांसे में लेकर 4 लाख रुपए दिखाकर उनके 50 हजार रुपए भी ठग लिए और फरार हो गए। आपबीती उन्होंने पुलिस को बताई। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।