अजय माकन को लेकर श्रुति चौधरी का बड़ा बयान, बोली- सबूतों के अभाव में बात करना गलत

punjabkesari.in Thursday, Jul 21, 2022 - 08:56 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा उम्मीदवार रहे अजय माकन द्वारा किरण चौधरी को लेकर की गई टिप्पणी पर उनकी पुत्री व कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्षा श्रुति चौधरी ने पलटवार किया  है। उन्होंने कहा कि राजनीति में कोई भी बात परिपक्वता के साथ ही करनी चाहिए। सबूतों और सच्चाई के अभाव वाली कोई भी बात एक अच्छे राजनेता की पहचान नहीं है। एक जिम्मेदार नेता को जनता के बीच सोच समझकर बयान देना चाहिए। अजय माकन ने बीते दिनों इस बात का खुलासा किया था कि राज्यसभा चुनाव में गलत तरीके के वोट किसने किया है। एक वोट रद्द करने का जिम्मेदार उन्होंने किरण चौधरी को बताया था।

प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर श्रुती का निशाना

श्रुति चौधरी गुरूवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन और ईडी कार्यालय के घेराव कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थी। श्रुति चौधरी ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को बेहद खराब बताते हुए कहा कि आज सरकार की नीतियों के कारण आम आदमी बेहद परेशान है। सरकार ने आटे जैसी वस्तुओं पर भी जीएसटी लगा दिया है। बेरोजगारी चरम सीमा पर है। देश में सबसे अधिक 30 फीसदी से अधिक बेरोजगारी दर हरियाणा प्रदेश की है। विधायकों को धमकियां मिल रही हैं और अधिकारियों को कुचला जा रहा है। उन्होंने डीएसपी हत्याकांड पर जल्द से जल्द हाई लेवल जांच कर सभी अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की।

कुलदीप बिश्नोई सम्मानित नेता, किसी भी दल में जाना उनका लोकतांत्रिक अधिकार- श्रुति

इस मौके पर श्रुति चौधरी ने कुलदीप बिश्नोई को बड़ा नेता बताते हुए कहा कि प्रजातंत्र में हर व्यक्ति विशेष के पास अधिकार हैं। वह बीजेपी में जाएं, यह उनकी सोच है। वह एक बेहद सीनियर लीडर है और मैं उनका सम्मान करती हूं। उन्होंने केंद्र सरकार पर टिप्पणी करते हुए कहा कि केंद्रीय एजेंसियों का भाजपा दुरुपयोग करके विरोधियों को दबाने के प्रयास में है। लगातार कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को परेशान किया जा रहा है। सरकार अपनी नाकामियों से जनता का ध्यान भटकाने और विपक्ष मुद्दों को ना उठाए इसके लिए लगातार केंद्रीय एजेंसियों का हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। आज ईडी-सीबीआई इत्यादि जैसी एजेंसियां अपने आपको असहाय महसूस कर रही हैं। जनता त्रस्त है और 2024 में भाजपा को जनता इसका परिणाम देने के लिए इंतजार कर रही है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static