1 अप्रैल से लागू होंगे ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026, जानें ये होगा बदलाव

punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2026 - 01:34 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने मंगलवार को अपने कार्यालय में अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में वायु प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कार्यों को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को मासिक आधार पर हर हाल में पूरा किया जाए।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

बैठक में ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026 पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि ये नियम 1 अप्रैल 2026 से लागू हो जाएंगे। नियमों के तहत नागरिकों के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, 4-बिन सेग्रीगेशन प्रणाली लागू की जाएगी तथा कचरा प्रबंधन से जुड़ी अन्य जिम्मेदारियों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि इन नियमों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए अभी से तैयारी तेज की जाए।

 

बैठक में सड़क सुधार, ट्रैफिक डी-कंजेशन, डस्ट फ्री अभियान सहित अन्य प्रदूषण नियंत्रण उपायों पर भी चर्चा हुई। निगमायुक्त ने कहा कि इन सभी कार्यों को भी मासिक लक्ष्य निर्धारित कर तेजी से पूरा किया जाए, ताकि शहर में प्रदूषण स्तर में प्रभावी कमी लाई जा सके।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि वायु प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छता प्रबंधन दोनों ही शहर के सतत विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करें, ताकि गुरुग्राम को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके।
 

वायु प्रदूषण सुधार कार्यों की हुई समीक्षा
बैठक के दौरान निगम द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने कहा कि वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए चल रहे सभी प्रोजेक्ट्स को समयबद्ध तरीके से पूरा करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्य की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

ईवी चार्जिंग व बैटरी स्वैपिंग स्टेशनों पर जोर
बैठक में ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जुलाई से सितंबर के बीच 10 ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे तथा अक्टूबर से दिसंबर के बीच अतिरिक्त 10 चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे। इसी अवधि में 10-10 बैटरी स्वैपिंग स्टेशन भी स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

निगमायुक्त ने पार्किंग व सीएंडडी वेस्ट सेंटर कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने जानकारी दी कि कमान सराय क्षेत्र में सर्फेस पार्किंग का कार्य जून माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। नगर निगम द्वारा बनाए जा रहे 20 सीएंडडी वेस्ट कलेक्शन सेंटर भी जून के अंत तक पूर्ण करने का लक्ष्य है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static