द्वारका एक्सप्रेसवे पर बनेगा Trumpet Interchange, जाम मुक्त होंगे ये शहर

punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 10:51 AM (IST)

गुरुग्राम : मिलेनियम सिटी गुरुग्राम के विकास को गति देने के लिए तैयार हो रहे ग्लोबल सिटी और विजन सिटी प्रोजेक्ट को बेहतर कनैक्टिविटी देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नैशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एन.एच.ए.आई.) ने द्वारका एक्सप्रेसवे पर चार लेन का अंडरग्राउंड ट्रंपेट इंटरचेंज बनाने की योजना तैयार की है। यह इंटरचेंज पटौदी रोड जंक्शन के पास बनाया जाएगा, जिससे ग्लोबल सिटी और विजन सिटी को सीधे एक्सप्रैस-वे से जोड़ा जा सकेगा।

इस परियोजना की अनुमानित लागत 923 करोड़ रुपए है और पूरा खर्च हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डिवैल्पमैंट कॉर्पोरेशन (एच. एस. आई. आई. डी. सी.) उठाएगी। अधिकारियों के मुताबिक इस इंटरचेंज से मानेसर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही भी काफी आसान हो जाएगी। इंटरचेंज को अंडरग्राऊंड बनाया जाएगा ताकि एक्सप्रैस-वे के ट्रैफिक पर किसी तरह का असर न पड़े।

3 महीने में शुरू होगा कामः अधिकारियों के अनुसार योजना को अंतिम रूप दे दिया गया है और 3 महीने के भीतर निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी है। प्रोजेक्ट को पूरा होने में लगभग 30 महीने लगने की संभावना है। इसके तहत करीब 3.2 किलोमीटर लंबी अप्रोच रोड और रैंप बनाए जाएंगे, जो अंडरपास को ग्लोबल सिटी और विजन सिटी की आंतरिक सड़कों से जोड़ेंगे। वाहन बिना किसी ट्रैफिक सिग्नल के सीधे एक्सप्रैस-वे से दोनों शहरों में प्रवेश कर सकेंगे और बाहर निकल सकेंगे। मानेसर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए घुमावदार लूप रैंप बनाया जाएगा ताकि वाहन आसानी से मुड़ सकें। इंटरचेंज को एक्सप्रेसवे की सतह से लगभग 30 फीट नीचे बनाया जाएगा। निर्माण के लिए बॉक्स पुशिंग तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसमें बड़े प्रीकास्ट कंक्रीट बॉक्स को एक्सप्रेसवे के नीचे धकेलकर संरचना तैयार की जाती है। इससे निर्माण के दौरान ट्रैफिक प्रभावित नहीं होता।

1003 एकड़ में विकसित हो रही ग्लोबल सिटी

सैक्टर-36, 36ए, 37 और 37बी में करीब 1003 एकड़ क्षेत्र में ग्लोबल सिटी विकसित की जा रही है, जिसका पहला चरण 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं द्वारका एक्सप्रेसवे के दूसरी ओर सेक्टर-88 में करीब 121 एकड़ क्षेत्र में विजन सिटी विकसित की जा रही है, जो भविष्य में एक बड़े व्यावसायिक केंद्र के रूप में उभरेगी।

क्या होता है ट्रंपेट इंटरचेंज

ट्रंपेट इंटरचेंज वह बिंदु होता है जहां कोई सड़क किसी हाइवे या एक्सप्रेस-वे से मिलती है। इसका आकार संगीत वाद्ययंत्र 'तुरही' (ट्रंपेट) जैसा होता है, इसलिए इसे ट्रंपेट इंटरचेंज कहा जाता है। इसमें वाहनों को मुड़ने के लिए रुकना या ट्रैफिक सिग्नल का इंतजार नहीं करना पड़ता। गाड़ियां घुमावदार रैप के जरिए बिना किसी बाधा के एक्सप्रेसवे पर प्रवेश और निकास कर सकती हैं। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जी.एम.डी.ए.) ने वाटिका चौक से एनएच-48 तक सदर्न पैरिफेरल रोड (एस.पी.आर.) पर सिग्नल-फ्री एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने के लिए 755 करोड़ रुपए का टैंडर जारी किया है। करीब सवा 4 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर को तैयार करने में अढ़ाई साल लगेंगे।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)    

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static