सोनीपत DC ऑफिस बना ''तबेला'', किसान बोला-''जब तक समाधान नहीं, तब तक धरना''... जानिए क्या है मामला
punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2026 - 03:23 PM (IST)
सोनीपत(सन्नी मलिक): सोनीपत में गांव सांदल कलां के किसान सोनू की आधा एकड़ जमीन धोखे से बेचने का मामला सामने आया है। किसान सोनू का आरोप है कि दूसरे व्यक्ति ने अपनी जमीन बताकर उसकी जमीन बेच दी। मामले को लेकर किसान पिछले 8 महीने से सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहा है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।अधिकारियों से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से परेशान किसान अपने परिवार और पशुओं के साथ डीसी कार्यालय पहुंचा और प्रदर्शन किया। किसान का कहना है कि जब तक जमीन विवाद का समाधान नहीं होता, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।
दरअसल, सोनू अपनी आधा एकड़ जमीन को लेकर इंसाफ की मांग कर रहा है। किसान सोनू का आरोप है कि जमीन का मामला सामने आने के बाद उसने कई बार अधिकारियों के सामने अपनी शिकायत रखी, लेकिन 8 महीने बीत जाने के बाद भी उसकी सुनवाई नहीं हुई।इसी के चलते अब किसान परिवार ने डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन शुरू किया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि वह अपने पशुओं के साथ यहां तब तक रहेगा, जब तक प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती।
वहीं इस मामले को लेकर जिला पार्षद संजय बड़वासनिया ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार वैसे तो रामराज्य की बात करती है, लेकिन दूसरी तरफ एक किसान की जमीन धोखे से बेच दी गई और पीड़ित किसान पिछले 8 महीने से लगातार सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहा है।उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय से किसान अपनी शिकायत लेकर अधिकारियों के पास पहुंच रहा है, लेकिन उसकी सुनवाई करने वाला कोई नहीं है। संजय बड़वासनिया ने प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई करने और किसान को उसका हक दिलाने की मांग की है। वहीं अब देखना होगा कि किसान की इस शिकायत पर प्रशासन क्या कदम उठाता है और जमीन विवाद का समाधान कब तक हो पाता है।