हरियाणा में आप व जेजेपी गठबंधन की अटकलों का हुआ अंत, अलग-अलग चुनाव लड़ेंगे दोनों दल

punjabkesari.in Friday, Aug 23, 2024 - 05:54 PM (IST)

चंडीगढ़ (चंद्रशेखर धरणी): हरियाणा में आम आदमी पार्टी और जननायक जनता पार्टी के बीच पिछले कईं दिनों से चल रही गठबंधन की अटकलों पर अब विराम लग गया है। अक्टूबर में होने वाले हरियाणा के विधानसभा चुनाव में दोनों दलों के बीच किसी भी प्रकार का कोई गठबंधन नहीं होगा। दोनों दल प्रदेश की सभी 90 सीटों पर अलग-अलग चुनाव लड़ेंगे। आप और जेजेपी के शीर्ष नेतृत्व की ओर से गठबंधन नहीं होने को लेकर अपनी ओर से स्थिति स्पष्ट कर दी है। जन नायक जनता पार्टी के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने जींद में अपने कार्यालय में साफ कहा कि उनकी पार्टी हरियाणा में सभी 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि अभी तक आम आदमी पार्टी के साथ किसी तरह का कोई गठबंधन नहीं है। वैसे भी आप का गठबंधन कांग्रेस के साथ है तो जजपा के साथ कैसे होगा।

वहीं, फतेहाबाद में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक ने भी जजपा के साथ किसी भी प्रकार के गठबंधन से साफ इंकार किया है। उन्होंने जजपा को अपने काम पर फोकस करने की भी नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि आप के कार्यकर्ता डोर टू डोर जाकर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ओर से दी गई गारंटियों को हरियाणा की जनता तक पहुंचाएंगे। इस चुनाव में केजरीवाल की गारंटी आप की जीत का आधार बनेगी। संदीप पाठक ने सत्तारूढ़ बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि अगर उनका कार्यकाल सही रहा होता तो चुनावी साल में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल को हटाने की जरूरत ही नहीं पड़ती।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Nitish Jamwal

Related News

static