''सुर्खियों में आने के लिए विधानसभा में ड्रामा किया गया'', INLD सुप्रीमो अभय चौटाला का भूपेन्द्र हुड्डा पर तीखा हमला
punjabkesari.in Sunday, Aug 30, 2026 - 03:18 PM (IST)
भिवानी (अशोक) : भिवानी पहुंचे INLD के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला ने राहुल गांधी व भूपेन्द्र हुड्डा के साथ हरियाणा सरकार पर निशाना साधा। अभय ने दावा किया कि आने वाला समय इनेलो का होगा। वो यहां देवीलाल जयंती का निमंत्रण देने पहुंचे थे।
देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री स्वर्गीय ताऊ देवीलाल की जयंती पर इस बार इनेलो नूंह में 27 सितंबर को बड़ी रैली करने जा रही है। जिसको कामयाब करने के लिए इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला हर विधानसभा में जाकर कार्यकर्ताओं की बैठक ले रहे हैं। भिवानी विधानसभा की बैठक लेने अभय चौटाला जाट धर्मशाला पहुँचे। यहां उनका जोरदार स्वागत हुआ और अनेक युवाओं ने इनेलो का दामन थामा।
इस दौरान मीडिया से बातचीत में अभय चौटाला ने कहा कि हरियाणा के लोगों में देवीलाल के प्रति श्राद्ध और इनेलो के प्रति लोगों का रुझान भजने लगा है। अभय ने कहा कि इसका कारण है कि लोग भाजपा व कांग्रेस से परेशान होकर अब बदलाव चाहते है। क्योंकि भाजपा ने कोई वादा पूरा नहीं किया और कांग्रेस हर चुनाव में खेल कर जाती है।
इसके बाद उनके निशाने पर पूर्व सीएम भूपेन्द्र हुड्डा आए। हरियाणा की विधानसभा में पूर्व CM भूपेन्द्र हुड्डा के साथ हुई पुलिस की धक्का मुक्की पर अभय चौटाला ने कहा कि हुड्डा जनता की बजाय खुद की लड़ाई लड़ रहे हैं। हुड्डा ने सुर्खियों में आने के लिए विधानसभा में ड्रामा किया।
उन्होंने कहा कि हुड्डा खुद CM रहे हैं, उन्हें पता है विधानसभा में काले कपड़े पहन कर या तख्ती लेकर नहीं जा सकते। अभय ने कहा कि ये नाटक करने की बजाय अच्छा होता हुड्डा बढ़ते भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून व्यवस्था, महंगाई व सफाई कर्मचारियों की मांग पर सरकार को घेरते।
अंत में अभय चौटाला ने राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम पर कटाक्ष किया और कहा कि राहुल गांधी सही से चलते तो बार-बार भाजपा की सरकार नहीं बनती। आज भाजपा की सरकार है तो वो राहुल गांधी व कांग्रेस की ग़लत नीतियों की बदौलत है।
अभय चौटाला कांग्रेस व भाजपा पर हमेशा हमलावर होते है। पर अब अपनी जनसभाओं में बढ़ती भीड़ से को वो हरियाणा में बदलाव दावा करने लगे हैं। ऐसे में देखना होगा कि नूंह रैली हरियाणा में कितनी बड़ा बदलाव लाती है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)