दमदमा झील के पास तालाब में नहा रहा 12वीं का छात्र डूबा
punjabkesari.in Friday, Aug 21, 2026 - 07:35 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सोहना में दमदमा झील के पास बने तालाब में डूबने से 12वीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ को मौके पर बुलाया। करीब डेढ़ घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद छात्र का शव पानी से बाहर निकाला गया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, मृतक छात्र की पहचान बादशाहपुर के रहने वाले आशुतोष के रूप में हुई है। वह 12वीं कक्षा में पढ़ता था और शुक्रवार दोपहर को अपने दोस्तों शशिकांत और जतिन के साथ बाइक पर सवार होकर दमदमा झील आया था। यहां वह दमदमा झील के पास शिव मंदिर के नजदीक बने तालाब में नहा रहे थे। नहाते समय आशुतोष गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह सफल नहीं हुए। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची सोहना पुलिस ने एसडीआरएफ को मौके पर बुलाया और गोताखोरों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए सोहना नागरिक अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।