क्या 3 दिन अंधेरे में डूब जाएगा हरियाणा? बिजली कर्मचारियों का 3 दिन की हड़ताल का ऐलान, जानिए क्या है पूरा मामला
punjabkesari.in Wednesday, Oct 21, 2026 - 02:06 PM (IST)
हरियाणा डेस्क : हरियाणा में बिजली वितरण के निजीकरण को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। HERC ने गुरुग्राम और नूंह में बिजली वितरण का जिम्मा निजी कंपनी इलेवन पावर को 25 साल के समानांतर लाइसेंस पर सौंपा है। इसके विरोध में बिजली निगम कर्मचारियों ने 22 से 24 अक्टूबर तक प्रदेशव्यापी 3 दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है।
हरियाणा बिजली नियामक आयोग (HERC) द्वारा गुरुग्राम और नूंह जिलों में बिजली वितरण का जिम्मा निजी कंपनी 'इलेवन पावर' को 25 साल के समानांतर लाइसेंस पर सौंपे जाने के बाद पूरे प्रदेश में सियासी और प्रशासनिक हड़कंप मच गया है. दशहरा से ठीक पहले लिए गए इस बड़े फैसले को बिजली निगम कर्मचारियों के संयुक्त मोर्चा ने 'जन-विरोधी' और 'कर्मचारी-विरोधी' करार दिया है।

लगातार 3 दिन धरने पर रहेंगे कर्मचारी
कर्मचारियों का सीधा आरोप है कि राज्य में सबसे अधिक राजस्व देने वाले 'मलाईदार' क्षेत्रों को प्राइवेट हाथों में सौंपकर सरकारी बिजली निगम (DHBVN) की रीढ़ तोड़ने और जनता के पैसों से बने बुनियादी ढांचे को निजी कंपनी को मुफ्त में थाली में सजाकर देने की गहरी साजिश रची गई है।
आयोग के इस आदेश के विरोध में बिजली कर्मियों ने प्रदेशव्यापी बड़े आंदोलन की घोषणा करते हुए 22 से 24 अक्टूबर तक लगातार तीन दिवसीय पूर्ण हड़ताल का अल्टीमेटम जारी कर दिया है। 21 अक्टूबर को आदेश की प्रतियां जलाने का कार्यक्रम तय किया गया है। इंजीनियर एसोसिएशन के महासचिव रविंद्र घणघस के मुताबिक, 19 अक्टूबर की आपात बैठक में यह रणनीति बनाई गई थी, जिसके तहत 24 अक्टूबर को हड़ताल के तीसरे दिन अगले चरण के बड़े आंदोलन का बिगुल फूंका जाएगा।
क्या है विवाद की वजह
हरियाणा विद्युत नियामक आयोग (HERC) ने 19 अक्टूबर को बिजली अधिनियम, 2003 की धारा 14 के तहत कंपनी को नूंह और गुरुग्राम में बिजली सप्लाई के लिए 25 साल के लिए लाइसेंस दिया है। ऐसे में कंपनी की ओर से अगले पांच साल में 4,717 करोड़ रुपये निवेश किया जाएगा और दो जिलों में वित्त वर्ष 2027-28 से सप्लाई दी जाएगी।
अहम बात है कि प्रस्तावित लाइसेंस क्षेत्र में सालाना बिजली बिक्री वित्त वर्ष 2024-25 के करीब 12,220 करोड़ यूनिट से बढ़कर वित्त वर्ष 2030-31 तक 18,224 करोड़ यूनिट होने का अनुमान है। अब इसी का विरोध बिजली कर्मचारी कर रहे हैं।
बिजली मंत्री ने किया भी कर्मचारियों का समर्थन
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बिजली वितरण का समानांतर लाइसेंस देने के आदेश के खिलाफ अपील करने का ऐलान किया है. विज ने कहा, “हरियाणा विद्युत नियामक आयोग की ओर से इलेवन पावर कंपनी को गुरुग्राम और नूंह में बिजली वितरण का लाइसेंस दिया है और इसके खिलाफ सरकार विद्युत अपीलीय न्यायाधिकरण (APTEL) में अपील करेगी।
विज ने अगस्त में कहा था कि राज्य सरकार गुरुग्राम और नूंह में निजी बिजली कंपनियों को समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस देने के प्रस्ताव के खिलाफ है। जब आयोग ने इस मामले में राज्य सरकार से जवाब मांगा, तो उन्होंने प्रस्ताव के हर बिंदु पर विरोध जताया था. उधर, हड़ताल की वजह से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है और कई इलाके अंधेरे में डूब सकते हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)