मौत का सफर! टोहाना में खिड़कियों पर लटककर सफर कर रहे छात्र, छात्रों की जान जोखिम में डाल रही रोडवेज बसों की व्यवस्था
punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 04:53 PM (IST)
टोहाना (सुशील सिंगला) : टोहाना की रोडवेज बसों की व्यवस्था छात्रों की जान जोखिम में डाल रही है। हर दिन सैकड़ों स्कूली, कॉलेज और आईटीआई के विद्यार्थी बसों की खिड़कियों और दरवाजों पर लटककर यात्रा करने को मजबूर हैं जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अधिकारियों के अनुसार यह समस्या मुख्य रूप से शहतलाई जाने वाली बसों में देखी जाती है। उनका कहना है कि स्थानीय रूटों पर अन्य बसें उपलब्ध होने के बावजूद छात्र समूह में यात्रा करने के लिए जानबूझकर इन बसों में चढ़ते हैं। कई बार समझाने पर भी वे नहीं मानते। सुबह और शाम के व्यस्त समय में बसें पूरी तरह भरी होती हैं। अंदर खड़े होने की जगह भी नहीं बचती, जिससे छात्रों को जान जोखिम में डालकर खिड़कियों से लटककर यात्रा करनी पड़ती है।
स्थानीय निवासियों सुखदेव, रमन, आंकती और मनीष ने बताया कि कई रूटों पर बसों की संख्या वर्षों से नहीं बढ़ाई गई है, जबकि विद्यार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अतिरिक्त फेरे या विशेष छात्र बसें न होने से हर दिन खतरा बना रहता है। अभिभावकों ने प्रशासन की लापरवाही पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
बस स्टैंड इंचार्ज सुरेश दहिया और डीआई महेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि किसी भी रूट पर बसों की कमी नहीं है। शहर के भीतर यात्रा के लिए अलग से सिटी बसें भी उपलब्ध हैं, लेकिन छात्र जानबूझकर लंबी दूरी की बसों में चढ़ते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कई बार बसों में जगह खाली होने के बावजूद छात्र बाहर लटकते हैं। इस समस्या के समाधान के लिए पुलिस प्रशासन को सूचित किया जाता है, लेकिन पुलिस के पहुंचने तक छात्र तितर-बितर हो जाते हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)