''हर मोर्चे पर फेल रही हरियाणा सरकार''...सुशील गुप्ता का कुरुक्षेत्र से वादा कहा-नायब की तरह नहीं रहुंगा गायब

punjabkesari.in Tuesday, Mar 12, 2024 - 08:38 PM (IST)

कुरुक्षेत्रः आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष और कुरुक्षेत्र लोकसभा से "इंडिया" गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी डॉ . सुशील गुप्ता कांग्रेस भवन में आयोजित आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ता की संयुक्त बैठक में शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक अरोड़ा और आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बलबीर सैनी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जलेश शर्मा, शेंकी गर्ग, हरप्रीत चीमा, राजकुमार पिंडारसी, श्री प्रकाश मिश्रा, मन्नू जैन, निशि गुप्ता, रीना बाल्मिकी, सुमित हिंदुस्तानी, विशाल खुब्बड़, विकास तोमर, राजेश सैनी, अशोक।गर्ग, जवाहर गोयल, ओम सिंह, रघुबीर चहल, मेवा राम आर्य और सतीश बिंदल मौजूद रहे।

डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि ये चुनाव देश लोकतंत्र को बचाने के लिए है। जैसे आजादी की लड़ाई लड़ने के लिए एक साथ मिलकर जाने न कितने लोगों ने कुर्बानी दी, ठीक उसी प्रकार लोकतंत्र और देश को बचाने के लिए सभी दल एक साथ आए हैं। पीएम मोदी ने लोकतंत्र खत्म करने की ठान रखी है, ईडी सीबीआई का गलत इस्तेमाल, लोगों की अभिव्यक्ति पर रोक और हर व्यक्ति को डर के साए में जीने को कर रखा है। लेकिन अब भाजपा के दिन जा चुके हैं। क्योंकि लोकतंत्र को बचाने के लिए ही इंडिया गठबंधन बना है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव कराने को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के लिए तीन लोगों का पैनल बनाया।  जिसमें प्रधानमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायधीश का नाम था। लेकिन भाजपा ने संख्या के बल पर उस फैसले को पलट दिया और कानून बनाया कि चुनाव आयुक्त की प्रधानमंत्री, एक उनका मंत्री और नेता प्रतिपक्ष करेगा। यानी कि दो तिहाई बहुमत भाजपा का होगा और एक तिहाई विपक्ष का। 

उन्होंने कहा कि कोई पार्टी और चुनाव महत्वपूर्ण नहीं है, इस समय देश और लोकतंत्र सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। जिसको बचाने के लिए इंडिया गठबंधन बना है। जब से इंडिया गठबंधन बना है तब से भाजपा में हड़कंप मचा हुआ है, क्योंकि इस बार पीएम मोदी की विदाई तय है। जब इस विदाई तय की बात आई तो इन्होंने अरविंद केजरीवाल को ईडी के नोटिस भेजने शुरु कर दिए, ताकि गठबंधन टूट जाए। लेकिन अरविंद केजरीवाल ने कहा जेल से सरकार चला लेंगे लेकिन इंडिया गठबंधन नहीं तोड़ेंगे। 

उन्होंने कहा कि यदि देश का प्रधानमंत्री झूठ बोल तो जनता किस पर विश्वास करे। ये वही प्रधानमंत्री मोदी है जिसने हर खाते में 15 लाख रुपए, किसानों को एमएसपी देने का वादा किया था और 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के सभी वादे जुमला निकले। उन्होंने कहा कि भाजपा की तानाशाह सरकार किसानों पर आंसू गैस के गोले छोड़े रही है और किसानों पर गोलियां चला रही है। पीएम मोदी ने किसानों से एमएसपी का वादा किया था और बाद में पलट गए। पूरी दुनिया ने देखा कि किसान सवा साल बॉर्डर पर बैठे, जहां 750 से ज्यादा किसानों ने शहादत दी। तब पीएम मोदी ने माफी मांग कर वो कृषि कानून वापस लिए थे। अब वो वादा याद दिलाने के लिए किसान जाना चाहते हैं तो खट्टर सरकार किसानों को रोक रही है। उन्होंने कहा कि आज तक प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों की शहादत पर एक शोक प्रस्ताव भी पास नहीं किया। इससे पता लगता है कि भाजपा किसान विरोधी सरकार है।

उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में जजपा ने भाजपा के खिलाफ वोट मांगे थे और जब प्रदेश के लोगों ने इनको वोट दिया तो भाजपा की गोद में जाकर बैठ गए और बेईमानी का गठबंधन करके बैठ गए। उन्होंने कहा कि आज फिर भाजपा और जजपा गठबंधन तोड़ने का ड्रामा कर रहे हैं। लेकिन अब प्रदेश की जनता समझ चुकी है कि इन्होंने एक मकसद के साथ चुनाव लड़ा था। लेकिन अब हरियाणा में इनकी दाल नहीं गलेगी। 

उन्होंने कहा कि हरियाणा पूरे देश में महंगाई, बेरोजगारी और अपराध में नंबर एक पर है। भाजपा के राज में हरियाणा में कानून का नहीं गोली का राज हो गया है। हरियाणा में भाजपा सरकार पूरी तरह से फेल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी और सीएम खट्टर को बताना चाहता हूं कि हरियाणा में इंडिया गठबंधन  सभी 10 लोकसभा सीटें जीतेगा और धर्मनगरी कुरुक्षेत्र से इसकी शुरूआत होगी और इस जीत का आगाज पूरे भारत में जाएगा। हरियाणा का हर व्यक्ति इंडिया गठबंधन को सभी 10 लोकसभा सीटें जीताने की गारंटी दे रहा है। अबकी बार हरियाणा की जनता इनकी ईवीएम की सेटिंग भी फेल करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि लोग नायब सैनी को गायब सैनी कह रहे हैं। क्योंकि हर गांव के लोग कह रहे हैं कि वो कभी गांव में नहीं आए। उन्होंने कभी कुरुक्षेत्र लोकसभा के 9 हलकों की आवाज संसद में नहीं उठाई। न वे कभी गांव में जाते और न ही यहां की जनता की आवाज उठाते। उन्होंने कहा कि वक्त आ गया है कि हमें कुरुक्षेत्र लोकसभा का विकास करना है। यहां की जनता की आवाज लोकसभा तक उठाने का काम करूंगा। 

उन्होंने कहा कि मेरी हमेशा से ही सामाजिक कार्यों में रुचि रही है। मैं कुरुक्षेत्र में बन रहे ज्ञान मंदिर, अन्न क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा बनाई का रही धर्मशाला का चेयरमैन भी हूं। वहीं कुरुक्षेत्र में 2 एकड़ जमीन लेकर अग्रसेन धर्मार्थ ट्रस्ट द्वारा गरीबों की सेवा के लिए बनाए जाने वाले अस्पताल का भी मैं चेयरमैन हूं। उन्होंने कहा कि मैं शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में धर्मार्थ कार्यों ने जुड़ा रहा हूं। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि नायब सैनी की तरह गायब नहीं रहूंगा, हर दुख सुख की घड़ी में आपके बीच रहकर जनसेवा करूंगा। उन्होंने कहा की मैं आपको बता देना चाहता हूं अरविंद केजरीवाल ने मुझे सिखाया है या तो जनता से डरना है और या भगवान से डरना है। संसद में कुरुक्षेत्र की आवाज गूंजेगी।

वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक अरोड़ा ने कहा कि आज लोकसभा चुनाव के लिए डॉ सुशील गुप्ता के विधिवत चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि इस चुनाव में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी डॉ सुशील गुप्ता को कामयाबी मिले। अबकी बार ये चुनाव बहुत अहम है क्योंकि भाजपा संविधान और लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है। भाजपा इसलिए 400 पार का नारा दे रही है ताकि संविधान को आसानी से खत्म किया जा सके। लेकिन इस बार भाजपा 200 भी नहीं करेगी। इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को एक साथ मिलकर भाजपा को हराना है और डॉ सुशील गुप्ता और इंडिया गठबंधन को लोकसभा की सभी 10 सीटें जीतवानी है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमें आपस में लड़ाने का काम करेगी, हमें सचेत रहना होगा और इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी डॉ सुशील गुप्ता को भारी बहुमत से जीताना है। तब जाकर देश का लोकतंत्र बचेगा। चुनाव नेता नहीं कार्यकर्ता लड़ते हैं जब कार्यकर्ताओं में जुनून हो तो कोई नहीं हरा सकता। इसलिए हमें अपने सभी आपसी मतभेद भुलाकर इंडिया गठबंधन को जीताना है।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Saurabh Pal

Recommended News

Related News

static