विवाद के बाद कंपनी में युवती की कैंची घोपकर हत्या

punjabkesari.in Monday, Sep 07, 2026 - 07:17 AM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): सीट कवर बनाने वाली कंपनी में मामूली विवाद के बाद युवती की कैंची घोप कर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम कंपनी में ही कार्य करने वाले एक व्यक्ति ने दिया है। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयोग की गई कैंची भी बरामद की है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, 5 सितंबर को सूचना मिली थी कि NDR Auto Components Pvt. Ltd., प्लॉट नंबर-8, सेक्टर-37 में एक महिला के साथ झगड़े के दौरान चोट लगने के कारण उसकी मृत्यु हो गई है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम वैदिक अस्पताल, पटौदी रोड, कादीपुर पहुंची, जहां मृतका 25 वर्षीय शिवानी के संबंध में आवश्यक चिकित्सा दस्तावेज प्राप्त किए गए। पुलिस ने मृतका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

 

मामले में 6 सितंबर को मृतका शिवानी के पिता ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि 13 जुलाई से उनकी बेटी उक्त कंपनी में कार्य कर रही थी। 5 सितंबर को कंपनी के ही कर्मचारी असलम मियां के साथ उनकी बेटी का झगड़ा हुआ था और उसी दौरान उसने चोट मार दी जिसमें उनकी बेटी की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आरोपी मोतिहारी बिहार निवासी असलम मियां (35) को सेक्टर- 37 से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सीट कवर कटिंग करने को लेकर उसकी व शिवानी की कहासुनी हो गई थी। इस दौरान शिवानी ने उसे थप्पड़ कार दिया। इससे गुस्साए असलम मियां ने उसकी गर्दन में कैंची घोप दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आरोपी से निशादेही कराई जिसके बाद मौके से वारदात में प्रयोग की गई कैंची भी बरामद कर ली है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static