CIA-2 को मिली बड़ी कामयाबी, सलमान खान के घर पर हमले की साजिश में शामिल आरोपी भिवानी से गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Jun 02, 2024 - 10:05 PM (IST)

भिवानी(अशोक भारद्वाज): सीआईए स्टाफ-2 भिवानी व नवी मुंबई पुलिस की टीम ने एक जॉइंट ऑपरेशन के तहत अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की धमकी देने के मामले वांछित आरोपी को भिवानी से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दीपक उर्फ जोनी पुत्र हवा सिंह निवासी गांव तिगड़ाना के रूप में हुई है। भिवानी पुलिस ने आगामी कार्रवाई के लिए आरोपी को नवी मुंबई पुलिस को सौंपा दिया। 

सीआईए स्टाफ-2 भिवानी के इंचार्ज निरीक्षक रविंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक अभियोग वर्ष 2024 में थाना पनवेल सिटी नवी मुंबई में दर्ज किया गया था। जिसके तहत नवी मुंबई पुलिस ने सलमान खान की हत्या की साजिश को नाकाम करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की थी। आरोपियों के द्वारा अभिनेता सलमान खान के घर व फार्म हाउस की रैकी कर हत्या की योजना बनाई गई थी।

सीआईए स्टाफ -2 भिवानी को नवी मुंबई पुलिस से सूचना प्राप्त हुई थी कि आरोपियों की साजिश में तिगड़ाना, भिवानी निवासी एक व्यक्ति की भी भूमिका है।  जिसे सीआईए स्टाफ -2 भिवानी की टीम व नवी मुंबई पुलिस की संयुक्त टीम ने भिवानी से काबू करने में सफलता हासिल की है। आरोपी दीपक कई वर्षों से नवी मुंबई में रहता था। वहीं सलमान खान के घर व फार्म हाउस की रैकी  व हत्या की योजना बनाने वाले आरोपियों के संपर्क में था। आरोपी दीपक को आज नवी मुंबई पुलिस को सौंपा गया है।

 (पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Saurabh Pal

Related News

static