Haryana: दंपत्ति ने परिवार पर जानलेवा हमला, चाकू व लोहे की रॉड मारकर 2 महिलाओं को किया जख्मी
punjabkesari.in Thursday, Aug 01, 2024 - 10:05 AM (IST)
 
            
            रोहतक: सूर्या कॉलोनी में एक परिवार पर पड़ोस में रहने वाले दंपत्ति ने आपसी रंजिश के चलते जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने लोहे की रॉड व चाकू से ताई व बेटी पर हमला किया, जिसके कारण दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सूर्या कॉलोनी निवासी बलवान सिंह ने सिटी थाना में शिकायत देकर बताया कि वह ड्यूटी पर गया हुआ था। उसके पीछे से घर पर उसकी बेटी, मां व भाभी थी। इसी दौरान उनके घर के सामने रहने वाली रेखा नामक महिला ने उनके परिवार वालों के साथ झगड़ा किया। बलवान सिंह ने बताया कि आरोपी महिला ने उसकी बेटी मन्नु के साथ पहले मारपीट की। वहीं बाद में चाकू से हमला कर दिया, लेकिन उसकी बेटी ने बचने के लिए अपने हाथ आगे अड़ा दिए, जिसके कारण चाकू उसकी बेटी मन्नु के हाथ पर लगा। रेखा के पति ने उसकी भाभी लक्ष्मी के साथ झगड़ा किया और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
उसने गेट पर भी डंडे मारे और जातिसूचक गालियां दी। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं मामले की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने मामले की सूचना मिलते ही पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।


 
                     
                             
                             
                             
                             
                             
                             
                             
                             
                            