आधी रात खेत में पानी लगाने गए किसान पर ट्यूबवेल की छत गिरी, हुई मौत...सुबह बेटे ने देखा तो उड़े होश

punjabkesari.in Tuesday, Jul 02, 2024 - 02:13 PM (IST)

फतेहाबाद(रमेश): फतेहाबाद के पंजाब सीमा पर पडऩे वाले गांव थेहड़ी में आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। आधी रात को खेत में पानी लगाने के लिए गए बुजुर्ग किसान पर ट्यूबवेल की छत गिर गई। तड़के उसके बेटे ने आकर देखा तो छत गिरी पड़ी थी और उसका पिता दबा हुआ था। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार थेहड़ी निवासी 67 वर्षीय महावीर सिंह खेती बाड़ी करता था। रात को उसके खेत में पानी की बारी थी, इसलिए वह पानी लगाने के लिए खेत गया हुआ था। वहीं रातभर से रुक रुक कर बारिश भी हो रही थी। जिस कारण वह पानी लगाने के बाद अपने खेत के ट्यूबवेल के कमरे में बैठ गया।

अस्पताल पहुंचे ग्रामीण निशान सिंह ने बताया कि 5-6 बजे महावीर सिंह खेत में पानी लगाने के बाद ट्यूबवेल संभालने के लिए ट्यूबवेल के कमरे में गया था और इसी दौरान कमरे की डाट वाली छत भरभराकर नीचे आ गिरी, जिसके नीचे वह दब गया। सुबह 6 बजे के बाद उसका बेटा विनोद अपने बच्चों को स्कूल छोडऩे के बाद पिता के पास खेत गया था। उसने देखा तो छत गिरी हुई थी और उसका पिता छत के नीचे दबा हुआ था, जिसके बाद उसने अन्य परिवारजनों को बताया। बाद में पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। 

बता दें कि सुबह से ही फतेहाबाद शहर व आसपास क्षेत्र में झमाझम बरसात हुई, जिस कारण शहरभर के निचले इलाकों में जलभराव हो गया। जगह जगह बरसाती पानी जमा हो गया। फतेहाबाद में 27 एमएम बारिश दर्ज की गई तो वहीं भट्टू में 55 एमएम बरसात हुई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static