यमुनानगर में MLA आवास से कुछ ही दूरी पर चोरी, बदमाशों ने शोरूम से उड़ाए नकदी और मोबाइल, CCTV में कैद वारदात

punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 03:18 PM (IST)

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता) : यमुनानगर के पॉश मॉडल टाउन इलाके में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चोर ने एक कपड़ों के शोरूम को निशाना बनाते हुए करीब 80 हजार रुपये की नकदी और तीन मोबाइल फोन चोरी कर लिए। खास बात यह है कि यह घटना विधायक आवास और पुलिस अधीक्षक आवास से कुछ ही दूरी पर हुई है। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला मॉडल टाउन स्थित नजाकत शोरूम का है। जानकारी के अनुसार चोर शोरूम की तीसरी मंजिल पर बने बाथरूम के डक्ट के रास्ते अंदर घुसा और बड़ी आसानी से काउंटर तक पहुंच गया। इसके बाद उसने गल्ले में रखे करीब 80 हजार रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसी रास्ते से फरार हो गया।

मंगलवार सुबह जब शोरूम मालिक दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद तुरंत सिटी थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस जांच अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

पुलिस का कहना है कि चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट और तकनीकी जांच के आधार पर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।  
 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)               


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static