यमुनानगर में खूनी खेल: टायर शोरूम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पर्ची छोड़ बदमाश बोले- "अगली गोली दिमाग में आएगी"

punjabkesari.in Sunday, Jul 12, 2026 - 12:12 PM (IST)

यमुनानगर(सुरेन्दर\ परवेज) : यमुनानगर में एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहशत फैल गई। देर रात रामपुरा स्थित सभरवाल टायर शोरूम को बदमाशों ने निशाना बनाया। बदमाशों ने शोरूम पर कई राउंड फायरिंग की और मौके पर एक धमकी भरी पर्ची छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी का माहौल है, जबकि पुलिस की कई टीमें जांच में जुट गई हैं।

वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके पर एक धमकी भरी पर्ची भी छोड़ गए। पर्ची में लिखा था— "यह तो सिर्फ ट्रेलर है... अगली गोली तेरे दिमाग में आएगी।" इस धमकी ने पुलिस की चिंता और बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि बदमाश कुलबीर सिद्धू ने इस वारदात की जिम्मेदारी ली है। हालांकि पुलिस इस दावे की भी गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, थाना पुलिस और सीआईए की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान कर जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। इलाके में सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।

इस घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में भय का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static