हरियाणा वासी ध्यान दें! आज ही खरीद लें फल और सब्जी, प्रदेश की मंडियों में कल रहेगी हड़ताल

12/19/2023 4:51:16 PM

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता): हरियाणा सरकार द्वारा सब्जी मंडी आढ़तियों पर लगाए गए नए टैक्स और एडवांस टैक्स के विरोध में पूरे हरियाणा की सब्जी मंडियां 20 दिसंबर को बंद रहेंगी। जिसके चलते लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान अमृतलाल वधावन का कहना है कि अभी तक एक प्रतिशत मार्केट टैक्स और एक प्रतिशत एचआरडीएफ लिया जाता था, जो कि ग्राहकों से लेकर सरकार को देना होता था। लेकिन अब नए नोटिफिकेशन के मुताबिक 14 स्लेब बनाए गए हैं। जिसके चलते एडवांस में यह टैक्स भरना होगा। अगर पूरे साल काम कम होता है तो पैसा वापिस का कोई प्रावधान ही नहीं है। अगर काम ज्यादा होता है तो उसी मुताबिक और टैक्स देना होगा। 

उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान टैक्स को वापिस ले लिया गया था। लेकिन कोरोना काल में हरियाणा की वर्तमान सरकार ने इस टैक्स को फिर से लेना शुरू कर दिया था। अब टैक्स को एडवांस और बढ़ाकर लिए जाने और  नए स्लैब लेने से आढ़ती परेशान हैं। जिसके चलते हड़ताल का आह्वान किया गया है।

सब्जी मंडी की हड़ताल से लोग परेशान हो सकते हैं। मंडी एसोसिएशन का कहना है कि अगर सरकार ने यह निर्णय वापस नहीं लिया तो अनिश्चितकालीन हड़ताल भी हो सकती है। जिसके चलते लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इसी के चलते आज मंडियों में भारी भीड़ है। लोग एडवांस में सब्जी और फल खरीद रहे हैं।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

Content Editor

Saurabh Pal