चोरों के मंसूबों पर फिरा पानी...आए थे सुनार की दुकान को लुटने, पर लौटे खाली हाथ

punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 02:00 PM (IST)

गोहाना (सुनील जिंदल) : गोहाना शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। ताजा मामला शहर की गणेश मार्किट का है, जहां बीती देर रात चोरों ने एक सुनार की दुकान को निशाना बनाने की कोशिश की।

जानकारी के अनुसार चोर देर रात गली के रास्ते दुकान तक पहुंचे और शटर तोड़ने का प्रयास किया। गली में आते हुए चोर सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गए। हालांकि शटर तोड़ने में ज्यादा समय लगने के कारण चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। बताया जा रहा है कि इसी दौरान मार्किट में निजी तौर पर लगाए गए राइडर की गश्त आ गई, जिसके चलते चोर मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि चोरी की वारदात होने से पहले ही चोर भाग निकले। घटना के बाद दुकानदारों ने पुलिस की गश्त पर सवाल उठाए हैं। 

दुकानदारों का आरोप है कि पुलिस की गश्त के बजाय उन्होंने अपनी सुरक्षा के लिए खुद पैसे खर्च कर निजी राइडर रखे हुए हैं। उनका कहना है कि यदि निजी गश्त न होती तो चोर वारदात को अंजाम दे सकते थे। दुकानदारों का यह भी कहना है कि मार्किट में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद पुलिस की ओर से पर्याप्त सतर्कता नहीं बरती जा रही। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static