एयरफोर्स स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी
punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 06:56 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): एयरफोर्स स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने छात्रों को घर भेज दिया और स्कूल में सर्च ऑपरेशन चलाया। जांच के दौरान कुछ न मिलने पर सभी ने राहत की सांस ली।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
जानकारी के मुताबिक, यह धमकी भरी ईमेल न केवल गुड़गांव के एयरफोर्स स्कूल बल्कि दिल्ली के भी कुछ स्कूलों को प्राप्त हुई। इस बार इस धमकी में आर्मी के स्कूलों को निशाना बनाया गया। जैसे ही स्कूल प्रबंधन को ईमेल मिली वैसे ही पूरा प्रबंधन हरकत में आया। न केवल बम निरोधक दस्ता बल्कि डॉग स्कवायड को भी मौके पर बुलाया गया और जांच शुरू कर दी गई।
वहीं, मामले में पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप कुमार का कहना है यह हॉक्स कॉल थी जिसके बाद जांच कर की गई। जांच के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। यह पता लगाया जा रहा है कि यह ईमेल कहां से भेजी गई है। आपको बता दें कि स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे करीब एक महीना पहले भी गुड़गांव के करीब दो दर्जन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसमें एक फरवरी को मुख्य टारगेट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को करना बताया गया था। इस ईमेल में खालिस्तान को समर्थन देने और पंजाब के साथ एसवाईएल मुद्दा सुलझाने की धमकी दी गई थी। यह भी हॉक्स ईमेल थी। इस तरह की हॉक्स ईमेल के जरिए कई बार धमकी भी दी गई है।