स्कूलों के साथ, दिल्ली के लाल किले और अंबाला, रेवाड़ी रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की मिली धमकी
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 11:09 AM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब करीब आधा दर्जन स्कूलों को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस बार भी यह धमकी भरा ईमेल खालिस्तान नेशनल आर्मी की तरफ से भेजा गया। ईमेल भेजने वाले ने 29 अप्रैल को 40वां खालिस्तान डिक्लेयरेशन डे घोषित करने की बात कहते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सीधे तौर पर चेतावनी दी है। इसके साथ ही धमकी भरे ईमेल में गुड़गांव के करीब आधा दर्जन स्कूलों को बम से उड़ाने के साथ ही दिल्ली के लाल किले पर बम धमाका करने की धमकी दी गई है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
जानकारी के मुताबिक, ईमेल में कहा गया है कि लाल किले के बाहर पार्किंग में खड़ी कार में बम लगाया गया है। इस ईमेल की सूचना मिलते ही गुड़गांव ही नहीं बल्कि दिल्ली पुलिस भी हरकत में आ गई और छानबीन शुरू कर दी। स्कूलों में बम निरोधक दस्ते के साथ-साथ डॉग स्कवायड भेजकर सेनिटाइज कराया गया। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों में छात्रों की छुट्टी कर उन्हें घर भेज दिया गया है। वहीं, पुलिस की मानें तो यह धमकी भरा ईमेल सुबह 8 बजकर 33 मिनट पर स्कूलों को मिला है।
इसमें डीपीएस, एचडीएफसी, सनसिटी, हेरिटेज और अमेटी इंटरनेशनल स्कूल के नाम शामिल हैं जिन्हें यह धमकी दी गई है। इसके अलावा ईमेल में अंबाला कैंट जंक्शन, रेवाड़ी जंक्शन रेलवे ट्रैक और दिल्ली में आईईडी धमाके होने की बात कही गई है। इसके बाद रेलवे पुलिस भी हरकत में आ गई है और जांच शुरू कर दी है। धमकी भरे ईमेल में लोगों से कहा गया है कि अगर उन्हें अपनी और अपने बच्चों की जान प्यारी है तो वह आज ट्रेन में सफर न करें।
आपको बता दें कि यह काेई पहला मामला नहीं है कि जब स्कूलों को इस तरह की धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ हो, बल्कि इससे पहले जनवरी 2026 से अब तक तीन बार इस तरह के ईमेल प्राप्त हुए हैं जिनकी पुलिस ने जांच करते हुए एक मामले में एक आरोपी को पिछले माह गिरफ्तार किया था जिसके संबंध बांग्लादेश के एक व्यक्ति से थे जिसे ईमेल आईडी उपलब्ध कराई गई थी और गिरफ्तार किए गए आरोपी ने इस कार्य के बदले में करीब 200 डॉलर प्राप्त किए थे।