जुलाना में कृष्ण हत्याकांड में तीन आरोपी गिरफ्तार, गोसाईं खेड़ा पुल के पास पुलिस ने पकड़ा, भागने के प्रयास में एक आरोपी के पैर में लगी चोट

punjabkesari.in Tuesday, Oct 20, 2026 - 10:44 AM (IST)

जींद (अमनदीप पिलानिया) : जींद जिले के जुलाना में कृष्ण हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एवीटी स्टाफ जींद और थाना जुलाना की संयुक्त टीम ने गोसाईं खेड़ा पुल के पास घेराबंदी कर आरोपियों को काबू किया। इस दौरान एक आरोपी ने भागने का प्रयास किया, जिससे उसके पैर में चोट लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल जींद में भर्ती करवाया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष उर्फ भोला निवासी लिजवाना खुर्द, लोकेन्द्र उर्फ मराठा निवासी रामराये और वासुदेव उर्फ अंगद निवासी जुलाना के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक जींद कुलदीप सिंह, आईपीएस के मार्गदर्शन में मामले की जांच की जा रही है।

हाथ मिलाने के बहाने बुलाकर मारी गोली

उप पुलिस अधीक्षक जींद ऋषभ सौढ़ी ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि जुलाना निवासी कृष्ण को गोली लगी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। घायल कृष्ण को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुलाना ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक के पिता जगदीश निवासी जुलाना ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनका बेटा कृष्ण अपने दोस्तों के साथ गोहाना गया था। वापस लौटते समय वह जुलाना की ट्रक मार्केट के पास स्थित एक कार्यालय में पहुंचा। इसी दौरान वहां एक ब्रेजा कार आई। कार में सवार लोगों ने कृष्ण को हाथ मिलाने के लिए बुलाया। आरोप है कि इसी दौरान कार चालक वासुदेव उर्फ अंगद ने अपने हथियार से कृष्ण की छाती के पास गोली मार दी।

गोली लगने से कृष्ण गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुलाना ले जाया गया और फिर पीजीआईएमएस रोहतक रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने मृतक के पिता के बयान के आधार पर थाना जुलाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 3(5) और 61(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(B), 54 और 59 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान एवीटी स्टाफ जींद और थाना जुलाना की संयुक्त टीम ने गोसाईं खेड़ा पुल के पास घेराबंदी की। पुलिस ने दो आरोपियों को मौके पर ही काबू कर लिया, जबकि तीसरे आरोपी ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान उसके पैर में चोट लग गई। घायल आरोपी वासुदेव उर्फ अंगद को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल जींद में भर्ती करवाया गया।

आरोपियों के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मामले

पुलिस के मुताबिक, आरोपी वासुदेव उर्फ अंगद के खिलाफ पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, लोकेन्द्र उर्फ मराठा के खिलाफ भी दो मुकदमे दर्ज हैं, जबकि आशीष उर्फ भोला के खिलाफ पहले से एक मुकदमा दर्ज है।

जींद पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static