स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर तीन दुकानदारों का किया चालान
punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 09:27 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को सिविल लाइंस क्षेत्र में चलाए गए विशेष निरीक्षण अभियान के दौरान निगम की स्वच्छता टीम ने तीन चालान जारी करते हुए कुल 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा फैलाने के आरोप में राकेश हरीश, सिविल लाइंस के खिलाफ 10 हजार रुपये का चालान किया गया। वहीं, नागपाल और प्रियंक के प्रतिष्ठानों में निर्धारित डस्टबिन नहीं पाए जाने पर दोनों पर 500-500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
नगर निगम के संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रीतपाल सिंह ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलाना, खुले में कचरा डालना तथा दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर निर्धारित डस्टबिन नहीं रखना नगर निगम के स्वच्छता नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में नियमानुसार आर्थिक दंड लगाया जाएगा और भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों, दुकानदारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की कि वे अपने परिसर में अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखें, कचरा केवल निर्धारित स्थानों पर ही डालें तथा शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।
नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि स्वच्छ गुरुग्राम निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और इस दिशा में नियमित रूप से अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सहभागिता के बिना स्वच्छ और स्वस्थ गुरुग्राम का सपना पूरा नहीं हो सकता। एमसीजी अधिकारियों के अनुसार, आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भी इसी प्रकार के निरीक्षण अभियान चलाकर स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।