सदर बाजार बनेगा स्वच्छ, कचरा मुक्त एवं सिंगल यूज प्लास्टिक फ्री मॉडल मार्केट

punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 08:08 PM (IST)

गुड़गांव,(ब्यूरो): नगर निगम गुरुग्राम ने शहर के एतिहासिक एवं सबसे व्यस्त बाजारों में शामिल सदर बाजार को स्वच्छ, कचरा मुक्त एवं सिंगल यूज प्लास्टिक फ्री मॉडल मार्केट बनाने के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत बाजार में जनजागरूकता के साथ-साथ प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई भी की जा रही है, ताकि बाजार को स्वच्छता का आदर्श मॉडल बनाया जा सके।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

दुकानदारों एवं वेंडर्स को किया गया जागरूक

संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रीतपाल सिंह के दिशा-निर्देशों पर नगर निगम की टीम ने सदर बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी संचालकों एवं अन्य व्यापारियों को प्रत्येक प्रतिष्ठान पर डस्टबिन रखने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने के लिए जागरूक किया गया। नगर निगम की टीम ने सभी व्यापारियों से अपील की कि वे ग्राहकों को भी स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त बाजार अभियान से जोड़ें तथा बाजार को साफ-सुथरा बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करें।

 

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई

जागरूकता अभियान के साथ-साथ प्रवर्तन कार्रवाई भी की गई। निरीक्षण के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने एवं सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने के मामलों में 15 चालान किए गए। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमित कार्रवाई जारी रहेगी।

 

सदर बाजार बनेगा मॉडल स्वच्छ बाजार

नगर निगम का उद्देश्य सदर बाजार को ऐसा मॉडल बाजार बनाना है, जहां प्रत्येक दुकान पर डस्टबिन उपलब्ध हो, कचरा सड़क पर ना डाला जाए तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह समाप्त हो। इसके लिए नियमित निरीक्षण, जागरूकता अभियान और प्रवर्तन कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

 

जनभागीदारी से ही बनेगा स्वच्छ बाजार

संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रीतपाल सिंह ने कहा कि "सदर बाजार गुरुग्राम की पहचान है। इसे स्वच्छ, सुंदर एवं सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। नगर निगम जनजागरूकता के साथ-साथ प्रभावी प्रवर्तन पर भी समान रूप से कार्य कर रहा है। यदि सभी दुकानदार, व्यापारिक संगठन एवं नागरिक सहयोग करें, तो सदर बाजार पूरे शहर के लिए एक आदर्श स्वच्छ बाजार के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने सभी व्यापारियों एवं नागरिकों से अपील की कि वे डस्टबिन का नियमित उपयोग करें, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद कर स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल गुरुग्राम के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static