कैथल में 3 युवकों ने वीडियो बना की आत्महत्या की कोशिश, दोस्त के लड़की भगाने के बाद पूछताछ से परेशान थे
punjabkesari.in Monday, May 18, 2026 - 07:41 AM (IST)
कैथल/ढांड : कस्बे के गांव चुहड़माजरा में सड़क पर रविवार को 3 युवकों ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या करने की कोशिश की। युवकों ने जहर निगलने से पहले एक वीडियो भी बनाया जिसमें उन्होंने 4 लोगों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
सूचना मिलते ही इनके परिवार और ढांड व पूंडरी पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों युवकों को अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल तीनों की हालत खतरे से बाहर है। बताया जा रहा है कि तीनों युवकों का एक दोस्त कुछ दिन पहले एक लड़की को भगाकर ले गया था। इसी मामले में लड़की का परिवार और पुलिस लगातार इन युवकों से पूछताछ कर रही थी। इसी बात से परेशान होकर उन्होंने आत्महत्या करने की कोशिश की। युवकों की पहचान मूंदड़ी गांव निवासी रोहित और मोहित व पिलनी निवासी गौरव के रूप में हुई है।
यह पूरा मामला कैथल सदर थाना क्षेत्र के एक गांव से जुड़ा है जहां 4 दिन पहले एक नाबालिगा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। उक्त लड़की जिस युवक के साथ घर से गई थी वह इन तीनों युवकों का दोस्त है। लड़की के परिजनों को शक था कि उनकी लड़की को भगाने में इन तीनों दोस्तों ने भी मुख्य आरोपी युवक की मदद की है। इसी सिलसिले में लड़की के परिजन और पुलिस लगातार इन युवकों से पूछताछ कर रही थी। इस बारे ढांड थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)