दर्दनाक हादसा : ट्राले की चपेट में आने से बाइक सवार व्यक्ति की मौत

punjabkesari.in Thursday, Feb 27, 2020 - 01:38 PM (IST)

पिहोवा (बंसल) : कुरुक्षेत्र रोड पर गांव मुर्तजापुर से थोड़ा आगे एक ट्राले की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी देते हुए केस इंचार्ज ए.एस.आई. ओमप्रकाश ने बताया कि मरने वाला व्यक्ति मोटरसाइकिल पर पिहोवा से कुरुक्षेत्र की तरफ जा रहा था। जैसे  ही वह गांव मुर्तजापुर से थोड़ा आगे नए बन रहे बाईपास के समीप पहुंचा तभी बजरी से भरे ट्राला चालक ने उसकी मोटरसाइकिल को मुड़ते समय अपनी चपेट में ले लिया।

जिससे मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसे आस-पास के लोगों की मदद से कुरुक्षेत्र के सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे अधिक चोटें लगने के कारण मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद ट्राला चालक गाड़ी को मौके पर छोड़ फरार हो गया। पुलिस ने ट्राला को अपने कब्जे में ले जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि मृतक के पास से  उन्हें मोटरसाइकिल की आर.सी. बरामद हुई थी। जिससे उसका नाम बिमलेश कुमार निवासी करनाल लिखा हुआ था।

पुलिस ने मृतक के पास मिले फोन नंबर पर इसकी सूचना दी। कुछ समय बाद मृतक के परिजन कुरुक्षेत्र अस्पताल पहुंचे और शव की शिनाख्त की। मरने वाले की पहचान बिमलेश कुमार निवासी करनाल के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने हेतु उसे कुरुक्षेत्र शवग्रह में रखवाकर फरार ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Related News

static