होली के जश्न के बीच कुरुक्षेत्र में सड़क हादसा, तेज रफ्तार गाड़ी ने बाइक सवारों को कुचला...एक की हालत गंभीर

punjabkesari.in Wednesday, Mar 04, 2026 - 05:54 PM (IST)

कुरुक्षेत्र(रणदीप):  जहां आज पूरा देश होली के रंगों में सराबोर है और हर्षोल्लास के साथ पर्व मना रहा है, वहीं कुरुक्षेत्र के पिहोवा में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों में खलल डाल दिया। पिहोवा के ड्रेन पुल पर एक तेज रफ्तार कार चालक ने बाइक सवार दो व्यक्तियों को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।


जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब बाइक सवार ड्रेन पुल से गुजर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों के मुताबिक, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि बाइक सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। होली के दिन हुए इस हादसे के बाद ड्रेन पुल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार गाड़ी और उसके चालक की पहचान की जा सके। त्योहार के दिन हुई इस घटना से इलाके के लोगों में रोष है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static