दर्दनाक हादसा- एक्सीडेंट के बाद ट्रक में लगी आग, ड्राइवर जिंदा जला
punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2026 - 09:29 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): दिल्ली- जयपुर हाईवे पर राठीवास और बिलासपुर फ्लाईओवर के बीच शुक्रवार तड़के तीन एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजस्थान की ओर से गुरुग्राम की तरफ आ रहे ट्रक ने आगे चल रहे एक अन्य ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे के तुरंत बाद रोड़ी मिक्सर ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। इस आग की चपेट में आने से मिक्सर ट्रक के केबिन में फंसे एक युवक की जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक में सवार दो अन्य लोगों ने समय रहते नीचे कूदकर अपनी जान बचाई।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार तडके सुबह तीन बजे हुआ। हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान राजस्थान के कोटपुतली निवासी योगेश के रूप में हुई। चश्मदीदों के अनुसार राजस्थान की तरफ से आ रहे रोड़ी मिक्सर ट्रक का संतुलन अचानक बिगड़ गया और वह हाईवे पर आगे चल रहे ट्रक से जा टकराया। टक्कर लगते ही केबिन में आग की लपटें उठने लगी। हादसे के वक्त रोड़ी मिक्सर ट्रक में तीन लोग सवार थे। आग पकड़ते देख चालक और उसका एक साथी तो किसी तरह केबिन से बाहर कूदने में सफल रहे, लेकिन केबिन में बैठा योगेश अंदर ही फंसा रह गया। हादसे को देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंचती, तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया और योगेश की मौके पर ही जिंदा जलने से मौत हो गई।
थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया, जिसके बाद शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया। इस हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। बिलासपुर थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की गहनता से जांच शुरू कर दी है।