तेज रफ्तार का कहर- DLF-2 में भीषण सड़क हादसे के बाद पलटी कैब

punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2026 - 10:30 AM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): DLF-2 में गोल्फ कोर्स रोड पर देर रात को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। देर रात को चार गाड़ियां आपस में टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक कैब टक्कर लगने के बाद मौके पर ही पलट गई जबकि एक कार के सभी एयरबैग खुल गए। घटना देखकर मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत ही मदद शुरू की और कैब में फंसे ड्राइवर को बाहर निकाला और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाते हुए क्षतिग्रस्त हुई गाड़ियों को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगलाना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना में घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, घटना देर रात करीब सवा 1 बजे हुई। बताया जा रहा है कि गोल्फ कोर्स कनेक्टिंग रोड से डीएलएफ फेज-2 एरिया में गाड़ियां तेज रफ्तार जा रही थी। इस दौरान एक गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह दूसरी गाड़ियों से जा टकराई। रफ्तार और टक्कर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर  लगने के बाद एक कैब पलट गई और इसमें ड्राइवर फंस गया। मौके से गुजर रहे वाहन चालकों ने इस घटनाक्रम को देखा तो वह मौके पर रुक गए और मदद के लिए आगे आए। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो टक्कर लगने के बाद कैब पलटते हुए काफी दूर तक घिसटती गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी की भी जान नहीं गई। हालांकि इस घटना में कैब चालक घायल हुआ है और उसे नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है और पता लगाया जा रहा है कि आखिर हादसे का क्या कारण रहा है। जांच के बाद ही हादसे का असल कारण पता लगा पाएगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।




 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static