Flipkart का सामान लेकर मुंबई से दिल्ली जा रहे ट्रक में लगी भीषण आग

punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 01:09 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): ई कॉमर्स कंपनी Flipkart का सामान लेकर मुंबई से दिल्ली जा रहे ट्रक में देर रात को आग लग गई। घटना देर रात को उस वक्त हुई जब ट्रक मुंबई एक्सप्रेसवे से सोहना रोड की तरफ आगे बढ़ रहा है। केबिन में से धुआं निकलते देख चालक ने ट्रक को साइड में रोक दिया और जैसे ही वह ट्रक से नीचे उतरा वैसे ही ट्रक आग की लपटों में घिर गया। सूचना मिलते ही सोहना दमकल केंद्र से गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान ट्रक में रखे ज्यादातर सामान को जलने से तो बचा लिया गया, लेकिन पानी डालने के कारण ज्यादातर सामान खराब हो गया। 

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

जानकारी के मुताबिक, तावडू निवासी अरबाज ट्रक को लेकर मुंबई से दिल्ली के Flipkart वेयरहाउस पर जा रहा था। जब वह मुंबई एक्सप्रेसवे से अलीपुर के पास सोहना रोड की तरफ बढ़ने लगा तो उसे अचानक ट्रक से दुर्गंध आने लगी। ऐसे में उसे कुछ हीट होने का अहसास हुआ और उसने ट्रक को रोक दिया। जैसे ही अरबाज ट्रक से नीचे उतरा तो केबिन में अचानक आग लग गई। सूचना मिलने के बाद दमकल की दो गाड़ियों को मौके पर भेजा गया जिन्होंने आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए।

 

एक गाड़ी से जहां ट्रक के अगले हिस्से में लगी आग को बुझाया जा रहा था, वहीं, दूसरी दमकल की गाड़ी ने जब आग को ट्रक के पिछले हिस्से में जाता देखा तो उसने तुरंत ही बंद कंटेनर का लॉक खुलवा दिया और पानी डालकर आग को पिछले हिस्से में पहुंचने से रोक लिया। हालांकि पानी के कारण सामान खराब हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रक में करोड़ों रुपए का सामान था जिसे Flipkart के वेयरहाउस ले जाया जा रहा था। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट रूप से पता नहीं लग पाया है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट अथवा ट्रक के ओवरहीट होने के कारण लगी है। जांच के दौरान ही आग लगने के असल कारण पता लग पाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static