शादी की खुशियों के बीच लौटते वक्त पुल पर टकराईं दो कारें, 5 युवक अस्पताल में भर्ती; जींद में भीषण सड़क हादसा
punjabkesari.in Saturday, Nov 21, 2026 - 10:37 AM (IST)
जींद(अमनदीप पिलानिया): जींद के पिंडारा पुल के पास शुक्रवार शाम दो कारों की भिड़ंत हो गई। हादसे में पांच युवक घायल हो गए। घायलों में डिगाना गांव के चार युवक और पोली गांव का एक युवक शामिल है। सभी घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल जींद में भर्ती करवाया गया। हादसे की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार, डिगाना गांव निवासी कर्मजीत, पवन, मोहित और एक अन्य युवक टाटा पंच कार में सवार होकर राखी गांव में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शुक्रवार शाम समारोह से वापस अपने गांव लौटते समय पिंडारा पुल के पास उनकी कार की दूसरी कार से टक्कर हो गई। हादसे में टाटा पंच सवार चारों युवक घायल हो गए। वहीं, दूसरी कार में सवार पोली गांव निवासी प्रतीक भी चोटिल हो गया, जो गोहाना से अपने गांव लौट रहा था।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आसपास के लोगों की मदद से सभी घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। सिविल लाइन थाना प्रभारी मनीष ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घायलों के बयान दर्ज होने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।