भिवानी में दर्दनाक हादसे मे दो चचेरे भाइयों की मौत, पत्नी के लिए बर्थडे केक ला रहा था एक युवक, 6 महीने पहले हुई थी शादी

punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 09:17 AM (IST)

भिवानी : हरियाणा के भिवानी जिले से एक दिल को झकझोर कर रख देने वाली खबर सामने आई है। यहां कार-बाइक की टक्कर में दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। इनमें से एक युवक की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। वह गुरुवार देर शाम अपनी पत्नी के जन्मदिन के लिए केक खरीदने अपने चचेरे भाई के साथ गया था। हादसे के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की पहचान भिवानी के लेघान गांव के रहने वाले 22 साल के विकास और 20 साल के आशीष के रूप में हुई है। आशीष की पत्नी का जन्मदिन था और वह अपने चचेरे भाई के साथ केक लेकर आ रहा था। वे गुरुवार को लेघान हेतवान गांव से जुई शहर में केक खरीदने गए थे और लौट रहे थे।  इसी दौरान कार ने उन्हें टक्कर मार दी। जिसके कारण दोनों को गंभीर चोटें आई। हादसे में लगी चोटों के कारण एक की मौके पर मौत हो गई। वहीं दूसरे ने अस्पताल में लाते समय दम तोड़ दिया। 

परिजनों ने बताया कि आशीष इकलौता बेटा था। आशीष की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। वहीं घटना की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। पूरे इलाके में मातम पसर गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static