बहादुरगढ़ में आधी रात भिड़े 2 पक्ष, महिला सरपंच समेत कई घायल; सामने आई ये वजह

punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 09:08 AM (IST)

बहादुरगढ़ : गांव सिद्दीपुर में सरपंच पद को लेकर चली आ रही रंजिश के चलते 2 पक्षों में विवाद हो गया। गांव सिद्दीपुर निवासी कैलाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके छोटे भाई तिलकराज उर्फ सोनू की पत्नी रेखा देवी गांव की सरपंच हैं। सरपंच बनने के बाद से कुछ लोग उनके परिवार से रंजिश रखते हैं और पहले भी कई बार विवाद कर चुके हैं।

4 अक्तूबर की रात करीब साढ़े 11 बजे वह घर के सामने बनी बैठक में सो रहा था। तभी एक व्यक्ति उसे और उसके परिवार को गालियां देने लगा। उन्होंने दरवाजा खोला तो गली में कुछ लोग खड़े थे। आरोप है कि बाद में अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। आरोपियों के हाथ में डंडे थे। उसने गेट बंद कर लिया। कैलाश नेआरोप लगाया कि आरोपियों ने गेट पर लातें मारकर उसे खोलने का प्रयास किया। शोर सुनकर उसका भाई तिलकराज बाहर आया तो उन्होंने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। 

कैलाश के अनुसार वह बाहर आया तो उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा। शकुंतला और रेखा के साथ भी डंडे से मारपीट की जबकि तिलकराज और हर्ष को लात-घूंसों से पीटा। आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। कैलाश, रेखा और हर्ष को चोट लगने के कारण नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ में भर्ती करवाया गया। गंभीर हालत में रेखा को पी.जी. आई. रोहतक रैफर किया गया है। थाना सदर प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि कैलाश की शिकायत और मैडीकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static