कूड़ा उठाने को लेकर भिड़ गए दो पक्ष, गोलियां चली, 4 काबू
punjabkesari.in Wednesday, May 13, 2026 - 06:41 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव में जहां एक तरफ नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल चल रही है और पूरा शहर कूड़े के ढेर में तब्दील हो गया है वहीं, दूसरी तरफ नए गुड़गांव में कूड़ा उठाने को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। बात केवल मारपीट तक ही सीमित नहीं रही बल्कि गोलियां तक चल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में शिकायत के आधार पर दो केस दर्ज करते हुए चार लोगों को काबू कर लिया है। काबू किए गए आरोपियों से पुलिस ने वारदात में प्रयोग की गई पिस्टल भी बरामद की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, 8 मई को बादशाहपुर थाना पुलिस को सेक्टर-70 के ट्यूलिप चौक एसपीआर रोड पर झगड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद जब बादशाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो सामने आया कि दो पक्षों में लड़ाई-झगड़ा व लाठी डंडों से मारपीट हुई है तथा इस दौरान गोली भी चली है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट करने, गोली चलाने तथा जान से मारने की धमकी देने के संबंध में पुलिस टीम को शिकायत दी। वारदात के संबंध में प्रदीप व नवदीप उर्फ गोलू की शिकायत पर थाना बादशाहपुर में शस्त्र अधिनियम व भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अलग-अलग 2 केस दर्ज किए गए।
मामले में एक पक्ष से प्रदीप गोली लगने से घायल हो गया था तथा दूसरे पक्ष से नवदीप उर्फ गोलू मारपीट में घायल हो गया था। मामले में पुलिस ने एक केस में कादरपुर निवासी नवदीप उर्फ गोलू व दूसरे केस में तीन आरोपियों संदीप निवासी तिगरा, गुरुग्राम, मोनू निवासी गांव रिठौज व प्रदीप निवासी गांव रिठौज को काबू कर लिया। आरोपी संदीप व मोनू को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि आरोपी प्रदीप को मामले की जांच में शामिल किया गया है। पुलिस ने नवदीप के कब्जे से वारदात में प्रयोग की गई 1 पिस्टल भी बरामद कर ली है। आरोपी नवदीप को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।