तालाब में नहाने गई दो नाबालिग की डूबने से मौत, केस दर्ज
punjabkesari.in Wednesday, Nov 11, 2026 - 01:05 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-71 में कच्चे तालाब में नहाने गई दो 12 वर्षीय नाबालिग बच्चियों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही बादशाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से दोनाें बच्चियों के शव को तालाब से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पहुंची बादशाहपुर थाना पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम टीम को मौके पर बुलाया और मौके से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक नाबालिगों के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर को दोपहर समय करीब 12:30 बजे सेक्टर-71, फाजिलपुर, गुरुग्राम स्थित एक कच्चे तालाब में नहाने के लिए गई दो नाबालिग बच्चियां, जिनकी आयु लगभग 12 वर्ष बताई गई है, पानी में डूब गईं। बच्चियों के पिता द्वारा पुलिस टीम को इस सम्बंध में दी गई शिकायत में बतलाया कि तालाब के चारों ओर कोई पक्की चारदीवारी नहीं है, केवल लोहे की टीन लगाई गई है और बीच में खाली जगह छोड़ी गई है। इसी संबंध में शिकायतकर्ता ने लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की मांग की।
घटना की सूचना ERV-272 के माध्यम से प्राप्त होने पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी प्राप्त की। वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड द्वारा पुलिस को बताया गया कि दोनों बच्चियों को पानी से निकालकर सेक्टर-10 स्थित अस्पताल ले जाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा सीन ऑफ क्राइम टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा घटनास्थल से संबंधित आवश्यक साक्ष्य, जिनमें मृतक बच्चियों के कपड़े एवं तालाब के पानी का नमूना शामिल है। इसके उपरांत पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टर द्वारा दोनों बच्चियों को मृत घोषित किया गया। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई गई।
मामले में मृतक बच्चियों के पिता की लिखित शिकायत के आधार पर थाना बादशाहपुर में धारा 106 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल से संबंधित तथ्यों, उपलब्ध साक्ष्यों एवं कथित लापरवाही के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी व्यक्ति कानूनन जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।