नरवाना के 2 सितारों ने बढ़ाया हरियाणा का मान, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने किया सम्मानित
punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 12:52 PM (IST)
नरवाना (गुलशन चावला) : नरवाना के लिए आज गर्व का दिन रहा, जब हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में प्रदेशभर में टॉप करने वाले दो होनहार विद्यार्थियों मुस्कान और वंश को हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। हरियल रेस्ट हाउस में आयोजित सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले इन दोनों विद्यार्थियों को सम्मान देकर उनका हौसला बढ़ाया गया।
वंश ने रचा इतिहास
दसवीं कक्षा के छात्र वंश ने 500 में से 497 अंक हासिल कर पूरे हरियाणा में तीसरा स्थान प्राप्त किया। इतनी शानदार सफलता के बाद परिवार, स्कूल और पूरे नरवाना में खुशी का माहौल है। 12वीं कला संकाय की छात्रा मुस्कान ने भी 500 में से 497 अंक प्राप्त कर हरियाणा में तीसरा स्थान हासिल किया और साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है। इस मौके पर मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने कहा कि मुस्कान और वंश जैसे विद्यार्थी पूरे समाज के लिए प्रेरणा हैं और उनकी उपलब्धि से नरवाना का नाम पूरे प्रदेश में रोशन हुआ है। समारोह के दौरान मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ दोनों विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)