मौजूदा सरकार में प्रदेश के सभी टोल प्लाजा गुंडागर्दी का पर्याय बने: अशोक तंवर
punjabkesari.in Tuesday, Sep 19, 2023 - 06:42 PM (IST)

फरीदाबाद/चंडीगढ़(अनिल/धरनी): आम आदमी पार्टी के चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ अशोक तंवर ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी के जिला कार्यालय का शुभारंभ किया, इसके बाद प्रेस वार्ता की। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में लोग आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने किसानों, युवाओं, महिलाओं, दुकानदारों, मजदूरों और व्यापारियों से वादे किए, लेकिन वो वादे ऐसे ही धरे रह गए। ऐसे में साढ़े नौ वर्ष बीतने के बाद देश और प्रदेश की जनता परिवर्तन करने का मन बना चुकी है।
उन्होंने कहा कि जहां प्रदेश में हर कोई धरने प्रदर्शन कर रहा है, वहीं प्रदेश में जितने भी टोल प्लाजा हैं वो गुंडागर्दी का पर्याय बन गए हैं। उन्होंने कहा कि खरखौदा के गांव टोल प्लाजा पर टोल मांगने पर सोनीपत के भाजपा जिला अध्यक्ष और ब्लॉक समिति अध्यक्ष की गुंडागर्दी पूरे प्रदेश ने देखी। गन्नौर के भिगान टोल प्लाजा के कर्मियों ने महिला और एक व्यक्ति को दौड़ा दौड़ा कर पीटा, वहीं नांगल चौधरी के सिरोही बहाली टोल प्लाजा के कर्मियों ने किसानों के साथ मारपीट की। ऐसे टोलों को बंद कर देना चाहिए ताकि टोलकर्मियों और सत्तारूढ़ भाजपा सरकार के कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी बंद हो सके। उन्होंने कहा कि पंजाब में भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार ने लगभग 18 महीने में 12 टोल खत्म कर दिए हैं। उन्होंने खट्टर सरकार से हरियाणा टोल बंद करने की मांग की।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश पर लगभग 3 लाख करोड़ का कर्जा हो तो इससे समझा जा सकता है कि उसकी मली हालत क्या होगी। अर्थव्यवस्था की दृष्टि से पूरे देश में हरियाणा की चौथे नंबर पर सबसे खराब परफॉर्मेंस हैं। हरियाणा के राजस्व का 20% कर्ज के ब्याज पर खर्च होता है। इसके बावजूद ये इतनी बेशर्म सरकार है कि न ये अर्थव्यवस्था ठीक रख सकते और न व्यवस्था ठीक रख सकते। बार बार बिजली आंदोलन चल रहा है फिर भी बिजली नहीं आती और कहते हैं बिजली की कोई दिक्कत नहीं है। प्रदेश की जनता को प्रमाण की जरूरत नहीं है कि आज हरियाणा के हालात क्या हैं।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी प्रदेश में बहुत तेजी से आगे बढ़ रही है। जब इसकी शुरुआत हुई थी तो केवल नाम का संगठन था, लेकिन अब काम का संगठन तैयार हो गया है। अब ऐसा संगठन तैयार हो गया है। जिसकी एक मजबूत आधारशिला है। आम आदमी पार्टी की लोकसभा, जिला और ब्लॉक स्तर की कमेटियां बन गई हैं। इसके अलावा महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, छात्रों, मजदूरों और किसानों का संगठन बनकर तैयार हो गया है। पिछले दिनों सर्कल इंचार्ज बनाए गए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भिवानी से परिवार जोड़ो अभियान का आह्वान किया था। एक पार्टी इस देश, प्रदेश और परिवारों को तोड़ने में लगी हुई है और जो विपक्ष में बैठी है वो पार्टी देख रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी का परिवार जोड़ो अभियान में जोर शोरों से चला हुआ है। इसके बाद वार्ड और पंचायत स्तर पर 21 सदस्यीय कमेटी बनाई जाएगी। ये 21 सदस्यीय कमेटी पन्ना प्रमुखों के पन्ने फाड़ देगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रदेश के हर गांव में आम आदमी पार्टी के कार्यालय खोलने हैं। ताकि लोग अपनी शिकायत और परेशानियां हमें बता सकें। उन्होंने कहा कि जिस दिन अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी के दो लाख से ज्यादा कार्यकर्ताओं को शपथ दिलाने आएंगे, उस दिन स्पष्ट हो जाएगा कि आने वाला समय आम आदमी पार्टी का है। 2024 में पूर्ण बहुमत से आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी।
इस मौके पर लोकसभा प्रभारी राजेंद्र शर्मा, जिला प्रभारी हरिंदर भाटी, लोकसभा उपाध्यक्ष संतोष यादव, स्टेट ज्वाइंट सेक्रेटरी परवेश मेहता, स्टेट ज्वाइंट सेक्रेटरी राकेश भड़ाना, प्रदेश प्रवक्ता नरेश शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष नीरज प्रेमी, चंचल, हरदीप, जीत ठाकुर, विनोद भाटी, महावीर तंवर और धर्मबीर भड़ाना मौजूद रहे।
(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।)
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
Recommended News
Recommended News

Anant Chaturdashi: आज अनंत चतुर्दशी पर इस विधि से करें पूजा, हर मनोकामना हो जाएगी पूरी

श्रीलंका जाने को तैयार चीन का रिसर्चर शिप, भारत-अमेरिका की बढ़ सकती है टैंशन : रिपोर्ट

Chanakya Niti: इस तरह के लोगों से भगवान हमेशा रहते हैं प्रसन्न, देखें क्या आप भी हैं उनकी गिनती में

Anant Chaturdashi: आज इस कथा को पढ़ने से मिलेगा राजयोग का सुख