महिला को बंधक बनाकर लूट के बाद हत्या, आरोपी फरार

punjabkesari.in Friday, Oct 16, 2026 - 08:10 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): इस वक्त की बड़ी खबर सोहना के गांव दोहला से सामने आई है जहां घर में घुसकर बदमाशों ने 34 वर्षीय महिला को बंधक बनाकर लूट करने के बाद हत्या की वारदात को अंजाम दिया। टीचर पति जब स्कूल से बच्चों को लेकर घर पहुंचा तो उसने घर को अस्त व्यस्त पाया। जांच करने पर पत्नी बाथरूम में मृत मिली जिसके हाथ पैर और मुंह पर टेप बंधी हुई थी। वारदात की जानकारी मिलते ही सोहना सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, गांव दोहला निवासी प्रशांत ने बताया कि वह गांव गढ़ी बाजिदपुर के एक स्कूल में टीचर हैं। उनके तीनों बच्चे भी उन्हीं के स्कूल में ही पढ़ाई करते हैं। आज दोपहर को जब वह स्कूल से बच्चों को लेकर घर पहुंचे तो घर का दरवाजा खुला था। अंदर प्रवेश करने पर पाया कि घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त है। उन्होंने अपनी पत्नी नीतू को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं आया ताे उन्होंने पूरे घर में देखना शुरू कर दिया। जांच के दौरान उनकी पत्नी बाथरूम में बेसुध हालत में पड़ी मिली। इस पर उन्होंने पड़ोसियों को बुलाया और उनके साथ वह पत्नी को निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

उन्होंंने पुलिस को बताया कि जब उन्होंने पत्नी को बाथरूम के पास गिरे देखा तो पाया कि उनके हाथ पीछे टेप से बंधे हुए हैं। इसके अलावा उनके पैर व मुंह पर भी टेप बंधी है। उनकी पत्नी ने जो गहने पहने हुए थे वह भी गायब हैं। सूचना मिलते ही निजी अस्पताल पहुंची सदर सोहना थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर जांच के लिए पहुंचे  एसीपी मुकेश यादव, सोहना सदर थाना प्रभारी  ने सीन ऑफ क्राइम टीम व फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static