झज्जर में अज्ञात वायरस ने ली 2 दर्जन से ज्यादा दुधारू पशुओं की जान, ग्रामीणों में दहशत का माहौल
punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 04:52 PM (IST)
झज्जर : झज्जर विस क्षेत्र के गांव नोगावां गांव में पिछले करीब 20 दिनों से फैले अज्ञात वायरस ने पशुपालकों की कमर तोड़ दी है। गांव में अब तक 2 दर्जन से अधिक दुधारू पशुओं की मौत हो चुकी है जबकि सैंकड़ों अच्छी नस्ल की भैंसें इस बीमारी की चपेट में आकर गंभीर रूप से बीमार बताई जा रही हैं। पशुओं की लगातार हो रही मौतों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और पशुपालक भारी आर्थिक नुकसान झेल रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व मंत्री और झज्जर से कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने गांव का दौरा किया। इस दौरान ग्रामीणों ने विधायका को अज्ञात वायरस से मरने वाले दुधारू पशुओं की सूची सौंपी और पशुपालकों की समस्याओं से अवगत करवाया। विधायका ने कहा कि जिन पशुओं की मौत हुई है उनमें से अधिकांश पशुओं का पशुधन बीमा नहीं था जिससे पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
उन्होंने सरकार के पशुधन सुरक्षा और बीमा संबंधी दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि इस गंभीर समस्या को आगामी बजट सत्र में भी मजबूती से उठाया जाएगा, ताकि प्रभावित पशुपालकों को मुआवजा और बीमारी से बचाव के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)