फरीदाबाद में 4 दिन से बिजली गुल होने पर भारी हंगामा, गुस्साई महिलाओं ने JE का कॉलर पकड़कर सड़क पर घसीटा

punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 11:48 AM (IST)

फरीदाबाद (अनिल राठी) : फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर इलाके में पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज सैकड़ों लोग देर शाम घरों से बाहर निकल आए और सड़क जाम कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन इस दौरान विवाद और बढ़ गया। बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) पर एक महिला ने अभद्र व्यवहार और गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया, जिसके बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ। महिलाओं के द्वारा उनको जमकर धक्के मारे गए, मौके पर मौजूद लोगों ने जैसे-तैसे जेई का बचाव किया। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। हांलाकि जेई शिवकुमार ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपो को झूठा बताया है। उन्होंने कहा कि केवल अपनी भड़ास निकालने के लिए ऐसा किया गया है। उनका काम बिजली की परेशानी सुनना है जिसके लिए वो गए थे। पुलिस ने कई घंटे की मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया जिसके बाद देर रात को जाम खुल पाया।

चार दिन से बिजली नहीं, पानी और बच्चों की पढ़ाई पर असर

स्थानीय निवासी महरपाल ने बताया कि लगातार बारिश के बीच पिछले चार दिनों से इलाके में बिजली की आपूर्ति सही तरीके से नहीं हो रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। बिजली नहीं होने से लोगों को पानी की भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कई परिवारों को पीने का पानी खरीदना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों को हो रही है, जो रात में ठीक से सो नहीं पा रहे हैं और उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

जेई पर महिला ने लगाए अभद्रता के आरोप

रोड जाम की सूचना मिलने पर बिजली विभाग के जेई शिवकुमार मौके पर पहुंचे। इसी दौरान एक महिला ने आरोप लगाया कि जेई ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और गलत तरीके से छुआ। आरोप लगते ही मौके पर मौजूद महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जेई के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी महिलाओं के बीच तीखी बहस भी हुई।

जेई को घेरकर कार्रवाई की मांग

जब पुलिस जेई को मौके से बाहर ले जाने लगी तो महिलाओं ने उन्हें घेर लिया और कहा कि जब तक उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी और इलाके की बिजली बहाल नहीं होगी, तब तक उन्हें जाने नहीं दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण बनी रही और उग्र भीड़ को संभालना पुलिस के लिए चुनौती बन गया।

पुलिस के समझाने पर खुला जाम

करीब कई घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाया और बिजली आपूर्ति जल्द बहाल कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क से जाम हटाया और यातायात सामान्य हो सका।

क्या बोले थाना प्रभारी

पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के अधिकारी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम कर रहे हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static