विज ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ अम्बाला छावनी में बन रहे शहीद स्मारक का निरीक्षण किया
punjabkesari.in Saturday, Oct 15, 2022 - 09:13 PM (IST)

चंडीगढ़(चन्द्रशेखर धरणी): हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि सन् 1857 में आजादी की पहली लड़ाई में जो लोग शहीद हुए, उन अनसंग हीरो की याद में अम्बाला छावनी में भव्य शहीद स्मारक का निर्माण किया जा रहा है। शहीद स्मारक में इतिहास को बेहतरीन एवं जीवंत तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा और कोशिश रहेगी कि लोग 2022 से वापस 1857 में पहुंच जाए जब आजादी का बिगुल अम्बाला छावनी से बजा था।
विज शनिवार दोपहर अम्बाला छावनी में जीटी रोड पर 22 एकड़ भूमि पर बन रहे शहीद स्मारक के निरीक्षण उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इतिहास को स्मारक में लाइव तरीके से दिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने हमेशा आजादी की पहली लड़ाई को विद्रोह कहा और इतिहास को दबाने की कोशिश की। मगर, हमारे इतिहासकारों ने खोज-खोजकर बहुत तथ्य निकाले और इतिहास को वह सामने लाए हैं।
उन्होंने कहा कि स्मारक में शेष रह गए कार्य को जल्द पूरा हो जाएगा और इंटीरियर के कार्य के भी आगामी सप्ताह में टेंडर होगा। अनुमान है कि यह जल्द पूरा होगा और पूरे विश्व के लिए जल्द शहीद स्मारक को खोल दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान शहीद स्मारक के लिए अलग फीडर व पानी निकासी के मुद्दों पर चर्चा की गई है और इस पर अधिकारियों से चर्चा की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि स्मारक में इतिहास को प्रदर्शित करने के लिए इतिहासकारों की जो टीम तैयार की गई है, उसमें अम्बाला के इतिहासकार को भी शामिल करने के लिए पत्र लिखा गया है। इतिहासकार द्वारा एक किताब लिखी गई है जिसमें कई नए तथ्यों को उजागर किया गया है। यह तथ्य एक अंग्रेजी लेखक की किताब से हासिल किए गए थे। उन्होंने कहा कि हमारे पास जो भी जानकारी आएगी उसे स्मारक में प्रदर्शित किया जाएगा। गौरतलब है कि अम्बाला छावनी में 1857 की क्रांति को समर्पित शहीद स्मारक का निर्माण किया जा रहा है।
वहीं, निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी के अधीक्षक अभियंता सुल्तान कौशिक, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता एके रघुवंशी, कार्यकारी अभियंता रितेश अग्रवाल, कार्यकारी अभियंता राज कुमार, कार्यकारी अभियंता रितेश नांदल, कार्यकारी अभियंता रणबीर त्यागी, आर्किटेक्ट रेणू खन्ना, मंडल प्रधान राजीव डिम्पल, सुरेन्द्र तिवारी, दीपक भसीन, परमिंद्र शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे। गृह मंत्री अनिल विज ने शहीद स्मारक का निरीक्षण मुख्य एंट्री से आरंभ किया। उन्होंने स्मारक में बागवानी के कार्यों को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यहां पर बेहतर व अच्छे किस्म के पौधे लगाए जाए जोकि देखने में बेहतर लगे। एक थीम के हिसाब से उन्होंने पौधे लगाने के निर्देश दिए।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)