Thar वाले स्टंटबाज- रील के चक्कर में खेतों में उतारी गाड़ी, कीचड़ उछालकर लगाई ड्रिफ्ट
punjabkesari.in Friday, Jul 17, 2026 - 09:27 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सोशल मीडिया पर लाइक के चलते युवा वर्ग थार कार से स्टंट करने की घटनाएं कम नहीं हो रही है। पुलिस की सख्ती और भारी-भरकम चालान से बचने के लिए हुड़दंगियों ने अब अपनी रणनीति बदल ली है। एक्सप्रेस-वे और मुख्य सड़कों के बजाय अब ग्रामीण एरिया के खेतों और निजी कंपनियों के गेट को इन युवाओं ने अपना नया स्टंट ग्राउंड बना लिया है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि पुलिस की पहचान से बचने के लिए इन रईसजादों ने अपनी महंगी एसयूवी गाड़ियों से नंबर प्लेट तक हटा दी हैं। शुक्रवार को ऐसी ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
मानसून सीजन के चलते जहां गरीब किसान खेतों में दिन-रात मेहनत कर धान की रोपाई कर रहे हैं, वहीं कुछ रईसजादों ने पानी और कीचड़ से लबालब भरे इन खेतों में अपनी काली थार से स्टंट किया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पानी से भरे खेतों के बीच ये गाड़ियां तेज रफ्तार में दौड़ाई जा रही हैं। खतरनाक तरीके से कीचड़ में गाड़ियां मोड़ने के दौरान उनके पलटने और बड़ा हादसा होने का पूरा अंदेशा था, लेकिन रील्स और चंद लाइक के शौकीन ये युवा अपनी जान की परवाह किए बिना लगातार स्टंट करते दिखे।
खेतों में उत्पात मचाने के बाद भी जब इन हुड़दंगियों का मन नहीं भरा, तो ये कीचड़ से सनी गाड़ियों को लेकर पास ही स्थित एक बड़ी लॉजिस्टिक कंपनी के मेन गेट पर पहुंच गए। कंपनी के गेट के ठीक सामने गाड़ियों की रफ्तार बढ़ाकर अचानक ब्रेक मारे गए और गाड़ियों को गोल-गोल घुमाकर खतरनाक ड्रिफ्टिंग की गई। इस हुड़दंग से स्थानीय किसानों और राहगीरों में भारी गुस्सा है। स्टंटबाजों ने पुलिस कार्रवाई से बचने का जो नया तरीका खोजा है, वह कानून-व्यवस्था के लिए सिरदर्द बन गया है।
वीडियो में दिख रही किसी भी गाड़ी पर रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट नहीं है। नंबर प्लेट गायब होने की वजह से पुलिस को भी आरोपियों की पहचान करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को कब्जे में लेकर साइबर सेल की मदद से इन हुड़दंगियों के सोशल मीडिया अकाउंट्स से जानकारी जुटाकर कार्रवाई की जाएगी।