होटल कर्मचारी पर पिस्टल तानने वाला इनामी बदमाश ''चेंटा'' मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, जवाबी एनकाउंटर में पैर में लगी गोली
punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 05:06 PM (IST)
फरीदाबाद: सेक्टर-12 कोर्ट मोड़ स्थित होटल में कर्मचारी पर पिस्टल तानकर हत्या के प्रयास के मामले में बंछित बदमाश संदीप उर्फ चेंटा को अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया। पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग करने वाले आरोपित के पैर में जवाबी कार्रवाई के दौरान गोली लगी। उसे इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में दाखिल कराया गया है। अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम को रात सूचना मिली थी कि वांछित आरोपित मोटरसाइकिल पर गांव चांदपुर-अटाली रोड की तरफ आने वाला है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने थाना छांयसा क्षेत्र में गांव फज्जूपुर के पास केजीपी अंडरपास के नजदीक नाकाबंदी कर दी। नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल पर आते दिखाई दिए आरोपित को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपित ने बचने के लिए पुलिस पर ताबड़तोड़ तीन फायर कर दिए। एक गोली पुलिस वाहन पर लगी, जबकि दो फायर पुलिस टीम की तरफ किए गए। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें संदीप उर्फ चेंटा के बांए पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही काबू कर लिया गया। सहायक पुलिस आयुक्त अपराध वरुण कुमार दहिया ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि आरोपित 20 मई की सुबह सेक्टर-12 कोर्ट मोड़ स्थित चंदीला फूड होटल कर्मचारी के साथ मारपीट और पिस्टल तानकर हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहा था।