बारिश के बाद दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे जाम, 10 KM तक लगी वाहनों की कतार
punjabkesari.in Monday, Aug 24, 2026 - 07:18 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव में बारिश हो और जाम न लगे ऐसा हो ही नहीं सकता। सोमवार दोपहर को हुई दो घंटे की बरसात ने जहां पूरे शहर को जलमग्न कर दिया वहीं दिल्ली जयपुर एक्सप्रेसवे सहित सोहना एलिवेटेड रोड व शहर की अंदरूनी सड़कों पर जाम लग गया। इस जाम में वाहन चालकों को घंटो फंसे रहना पड़ा। वहीं, कई वाहन खराब हो गए जिसके कारण वाहन चालक अपने वाहनों को बीच रास्ते में छोड़ गए। वहीं साइबर सिटी में भी जाम के हालात देखने को मिले जहां वाहन चालकों को जाम में घंटो फंसे रहना पड़ा।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
दरअसल, आज हुई बारिश के बाद सुभाष चौक पर एक दर्जन से ज्यादा स्कूल बसें पानी में फंस गई और खराब हो गई। सदर थाने के पास फंसी बसों के कारण जाम लग गया इस जाम का असर सोहना रोड पर भी पड़ा। सोहना एलिवेटेड रोड पर भी जाम लग गया। वहीं, अंडरपास में पानी भरने के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। उधर, दिल्ली जयपुर एक्सप्रेसवे पर भी वाहनों की लंबी कतार देखने को मिली। एक्सप्रेसवे पर दोनों ओर करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया जिसके कारण वाहन चालकों को घंटो इस जाम से जूझना पड़ा। उधर, शहर की अंदरूनी सड़कों के भी हालात बेहद खराब रहे। यहां जलभराव के कारण कई स्थानों पर वाहनों की केवल एक लेन ही चालू रही। सबसे ज्यादा दिक्कत महावीर चौक, कादीपुर रोड, बसई रोड, सेक्टर-9 रोड, धनवापुर रोड सहित अन्य सड़कों पर रही जहां वाहनों की गति मानों थम गई। उधर, सबसे ज्यादा बुराहाल गांव धनकोट का हुआ जहां सड़क पर दोनों ओर करीब तीन फीट तक पानी भर गया और उसमें वाहन खराब होने लगे।
कुछ स्थानों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौजूद तो थे, लेकिन यह केवल अधिकारियों को फोटो और वीडियो भेजने तक सीमित रहे। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने में पुलिसकर्मी महज खानापूर्ति करते दिखाई दिए। शहर की अंदरूनी सड़कों पर लगे जाम को खुलवाने के लिए पुलिसकर्मी नजर नहीं आए। ऐसे में वाहन चालक जाम से जूझते रहे। देर शाम तक लोग इस जाम से जूझने को मजबूर हो गए।