पंजाब से हरियाणा आई थी बारात, लड़की वालों ने किया शादी से इनकार, बैरंग लौटे बाराती
punjabkesari.in Friday, Jan 16, 2026 - 07:53 PM (IST)
यमुनानगर (परवेज खान) : यमुनानगर में उस समय असामान्य स्थिति बन गई जब पंजाब से आई एक बारात को लड़की पक्ष ने विवाह से इनकार कर दिया। शादी से इनकार करने के बाद दूल्हा पक्ष बारात सहित सीधे पुलिस चौकी पहुंच गया और दुल्हन को साथ ले जाने पर अड़ा रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हस्तक्षेप किया और युवती को सुरक्षा के मद्देनज़र वन स्टॉप सेंटर भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, पंजाब के राजपुरा से आई यह बारात यमुनानगर के गांव छोटा लापरा पहुंची थी। बताया गया है कि लड़की पक्ष ने पहले ही विवाह से असहमति जता दी थी, इसके बावजूद लड़का पक्ष निर्धारित तारीख पर बारात लेकर गांव पहुंच गया।
विवाद का मुख्य कारण दोनों पक्षों की अलग-अलग बिरादरी बताया जा रहा है। दोनों परिवार मुस्लिम समुदाय से होने के बावजूद दोनों पक्षों की जाति अलग-अलग होने की वजह से लड़की पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया।

पुलिस ने युवती को वन स्टॉप सेंटर भेजा
जब गांव में विवाह से साफ मना कर दिया गया, तब भी लड़का पक्ष पीछे हटने को तैयार नहीं हुआ। उनका कहना था कि शादी की रस्में पहले तय हो चुकी थीं और शगुन की रस्म भी पूरी हो चुकी थीं, इसलिए वे हर हाल में दुल्हन को साथ ले जाना चाहते हैं। विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने युवती को अपने संरक्षण में लेकर वन स्टॉप सेंटर भेज दिया और उसके बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराने की प्रक्रिया की बात कही।
शादी के लिए अड़े रहा लड़का पक्ष

कलानौर चौकी इंचार्ज राजीव कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों में रिश्ता तय हुआ था लेकिन लड़की वालों ने तीन पहले ही लड़के वालों को बता दिया था कि यह शादी नहीं हो सकती। चौकी इंचार्ज ने बताया कि लड़के वालों को इस बारे में समझाया गया लेकिन वह शादी के लिए अड़े हुए थे। जब उन्हें कहा गया कि लड़की पक्ष के मर्जी के बिना लड़की को नहीं ले जा सकते।
समझाने के बाद माना लड़का पक्ष
चौकी इंचार्ज राजीव कुमार ने बताया कि काफी देर के बाद लड़के वाले मान गए और वापिस पंजाब लौट गए। वहीं, लड़के वालों का कहना है कि उनके साथ अन्याय हुआ है और इतनी दूर से बारात लाने के बाद खाली हाथ लौटना उनके लिए अपमानजनक है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)